फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

TMC Protest: दिल्ली में प्रदर्शन के दौरान अभिषेक बनर्जी ने सरकार को दी चुनौती, दिल्ली पुलिस पर लगाए आरोप

Mon, 02 Oct 2023 04:00 PM IST
शिव शरण शुक्ला न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली/कोलकाता

सार

टीएमसी महासचिव ने कहा कि पश्चिम बंगाल के लिए मनरेगा और अन्य सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के लिए धन आवंटित करने की मांग करते हुए केंद्र सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। 
विज्ञापन
पत्रकारों से बात करते टीएमसी महासचिव अभिषेक बनर्जी - फोटो : ANI
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

राजघाट पर विरोध प्रदर्शन के दौरान टीएमसी महासचिव अभिषेक बनर्जी ने कहा हमारे सभी मंत्री, सांसद, जनप्रतिनिधि यहां राजघाट पर विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। हमने 1.10 बजे से अपना शांतिपूर्ण प्रदर्शन शुरू किया लेकिन कभी दिल्ली पुलिस, कभी सीआईएसएफ, तो कभी सीआरपीएफ ने हमें आंदोलन की अनुमति नहीं दी। हमने शांतिपूर्ण प्रदर्शन किया और एक भी राजनीतिक नारेबाजी नहीं की। हमने प्लेकार्ड के जरिए सिर्फ 100 दिन रोजगार के पैसे जारी करने की मांग की। 

विज्ञापन


अभिषेक बनर्जी ने भाजपा को दी चुनौती
अभिषेक बनर्जी ने कहा कि आज दिल्ली में गांधी जयंती के दिन हम भाजपा को चुनौती देते हैं कि आगामी दिनों में जोरदार लड़ाई के लिए तैयार रहिएगा। मैदान आपका, रेफरी आपका लेकिन चुनौती हम दे रहे हैं। आने वाले दिनों में पता चलेगा कि आपकी कितनी क्षमता है और आम जनता की क्षमता कितनी है। बता दें कि पश्चिम बंगाल की सत्ताधारी पार्टी तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ता गांधी जयंती के अवसर पर दिल्ली के राजघाट पर इकट्ठा हुए। यहां उन्होंने पश्चिम बंगाल के लिए मनरेगा और अन्य सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के लिए धन आवंटित करने की मांग करते हुए केंद्र सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। टीएमसी का आरोप है कि केंद्र सरकार की तरफ से मनरेगा, आवास योजना और अन्य केंद्रीय योजनाओं के लिए राज्य को धन का वितरण नहीं किया गया। 

प्रदर्शन में शामिल होने के लिए तृणमूल कांग्रेस नेता अभिषेक बनर्जी रविवार को दिल्ली पहुंच गए थे। वहीं, टीएमसी समर्थकों से भरी 49 बसें सोमवार को दिल्ली पहुंची। नई दिल्ली के लिए उड़ान भरने से पहले यहां एनएससीबीआई हवाईअड्डे पर पत्रकारों से बात करते हुए बनर्जी ने कहा, बंगाल के लोगों का हक मिलने तक आंदोलन जारी रहेगा। टीएमसी महासचिव ने कहा कि हालांकि राज्य सरकार ने दिसंबर, 2022 में लाभार्थियों की सत्यापित सूची भेजी थी, लेकिन केंद्र ने अभी तक भुगतान नहीं किया है। अगर कोई 100 दिन के काम या आवास योजना में भ्रष्टाचार का दोषी पाया जाता है, तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाए, लेकिन लाभार्थियों का पैसा क्यों रोका जाता है?
विज्ञापन


टीएमसी ने इस विरोध प्रदर्शन कार्यक्रम को 'फाइट फॉर राइट' नाम दिया गया है। जानाकारी के मुताबिक करीब 2500 कार्यकर्ता बसों से दिल्ली पहुंचे हैं। इसमें राज्य सरकार के मंत्री और सांसद भी मौजूद रहे। टीएमसी कल यानी तीन अक्तूबर को भी जंतर मंतर पर धरना प्रदर्शन करेगी। टीएमसी का कहना है कि इस विरोध प्रदर्शन का बंगाल की सभी पंचायतों में सीधा प्रसारण किया जाएगा। टीएमसी ने आरोप लगाया कि वह दिल्ली के रामलीला मैदान में विरोध प्रदर्शन कार्यक्रम करना चाहते थे लेकिन उन्हें इसकी अनुमति नहीं मिली। 

भाजपा का पलटवार
वहीं, पश्चिम बंगाल भाजपा महासचिव अग्निमित्र पॉल ने अभिषेक बनर्जी पर तंज कसा। उन्होंने कहा कि "मैं अभिषेक बनर्जी से यही सवाल पूछना चाहती हूं कि इतने महीने बीत जाने के बाद भी पश्चिम बंगाल सरकार केंद्र सरकार को हिसाब क्यों नहीं दे रही है? आपको याद होगा कि पश्चिम बंगाल में चार जिले हैं। मान लिया कि भ्रष्टाचार हुआ है और उन्हें मुआवजा देना होगा। क्या इन 100 दिनों के काम में जो भ्रष्टाचार हुआ है, उसके कारण एक भी व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है? क्या पुलिस, मंत्री और ममता बनर्जी ने एक भी व्यक्ति को गिरफ्तार किया है? नहीं, उन्होंने नहीं किया है.. .भारत में कई अन्य गैर-भाजपा राज्य हैं। क्या कोई राज्य शिकायत कर रहा है कि उन्हें 100 दिनों का भुगतान नहीं मिला है? सभी को भुगतान मिल रहा है। फिर पश्चिम बंगाल क्यों चिल्ला रहा है?

विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें