पश्चिम बंगाल में रोज टीएमसी और भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच झड़प की खबरें आती रहती हैं। इससे 15 अगस्त का दिन भी अछूता नहीं रहा।
पश्चिम बंगाल के हुगली जिले में स्वतंत्रता दिवस के दिन राष्ट्रध्वज फहराने को लेकर हुए विवाद में तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने भाजपा के एक कार्यकर्ता की कथित तौर पर पीट-पीटकर हत्या कर दी।
घटना शनिवार दोपहर जिले के खानकुल इलाके में हुई। इस संबंध में पुलिस ने आठ लोगों को गिरफ्तार किया है। तृणमूल ने इस आरोप से इनकार किया है।
पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि दो समूहों के बीच तिरंगा फहराने को लेकर झड़प हो गई। उन्होंने बताया, ‘‘एक व्यक्ति की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। हमने आठ लोगों को गिरफ्तार किया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।’’
भाजपा के सूत्रों के मुताबिक 40 वर्षीय सुदर्शन प्रामाणिक की तृणमूल के कार्यकर्ताओं ने पीट-पीटकर हत्या की। इस घटना के विरोध में पार्टी ने रविवार को हुगली जिले में 12 घंटे बंद का आह्वान किया था।
राज्य भाजपा अध्यक्ष दिलीप घोष ने बताया कि उनके पार्टी कार्यकर्ता की इलाके में तिरंगा फहराने के मुद्दे पर पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। स्वतंत्रता दिवस पर भी भाजपा कार्यकर्ताओं को नहीं छोड़ा गया। तृणमूल के नेता प्रबीर घोष ने आरोप से इनकार किया और कहा कि भाजपा के दो धड़ों में झगड़ा इसकी वजह है।