देश के सबसे धनी श्री वेंकटेश्वर मंदिर की देश के विभिन्न बैंकों में फिक्स्ड डिपॉजिट की राशि 12,000 करोड़ को पार कर गई है। तिरुमला स्थित मंदिर का संचालन करने वाली संस्था तिरुमला तिरुपति देवस्थानम (टीटीडी) द्वारा देश के राष्ट्रीय और निजी बैंकों में जमा एफडी पर सालाना करीब 845 करोड़ रुपये का ब्याज का आकलन है।
मंदिर के अधिकारी ने मंगलवार को बताया कि दुनियाभर से करीब 2.5 करोड़ श्रद्धालु मंदिर में दर्शन के लिए पहुंचे। इसके साथ ही मंदिर की सालाना आय भी 31 अरब रुपये तक पहुंच गई है। टीटीडी के पास करीब 8.7 टन शुद्ध सोना है। इसके अलावा 550 किलो सोने के गहने हैं जो श्रद्धालुओं ने मंदिर की हुंडी में दान किए हैं।
इन गहनों को भी शुद्ध सोने में बदला जाएगा। 8.7 टन सोने में से 1,938 किलो सोना इंडियन ओवरसीज बैंक में और 5,387 किलो सोना स्टेट बैंक ऑफ इंडिया में जमा है। वहीं, डिपॉजिट पीरियड खत्म होने के बाद हाल ही में पंजाब नेशनल बैंक ने 1,381 किलो सोना टीटीडी खजाने में लौटाया है।