एक पखवाड़े तक चलने वाले प्रचार अभियान के बाद तिरुपति लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र (एससी आरक्षित) के लिए उनचुनाव शनिवार को कड़ी सुरक्षा के बीच और कोविड-19 मसौदे में दिए गए दिशानिर्देशों के तहत होंगे।
एक वरिष्ठ अधिकारी का कहना है कि तिरुपति संसदीय क्षेत्र के सभी सात विधानसभा क्षेत्रों के सभी 2471 केेंद्रों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। पिछले साल सितंबर में वाईएसआरसी सांसद बल्ली दुर्गा प्रसाद राव के निधन के बाद एससी आरक्षित निर्वाचन क्षेत्र तिरुपति का उपचुनाव कराया जा रहा है।
भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा और सहयोगी जनसेना पार्टी के प्रमुख पवन कल्याण ने भाजपा उम्मीदवार सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी के रतनप्रभा के पक्ष में प्रचार करते हुए सत्तारूढ़ वाईएसआरसीपी पर कथित भ्रष्टाचार और भाई-भतीजावाद का आरोप लगाया है।
पूर्व केंद्रीय राज्यमंत्री पानाबाका लक्ष्मी तेलुगु देसम पार्टी के प्रत्याशी हैं जबकि एक और पूर्व केंद्रीय राज्यमंत्री चिंता मोहन कांग्रेस उम्मीदवार के तौर पर चुनाव मैदान में हैं। तेलुगु देसम पार्टी के प्रमुख एन चंद्राबाबू नायडू और अन्य नेताओं ने पार्टी उम्मीदवार लक्ष्मी के लिए कई जनसभाओं को संबोधित किया है।
वहीं, मुख्यमंत्री वाईएस जगन मोहन रेड्डी ने यह कहते हुए अपनी चुनावी रैली को रद्द कर दिया कि वह कोविड -19 महामारी के खतरे में लोगों को ढकेलना नहीं चाहता। बहरहाल, उन्होंने वाईएसआरसीपी उम्मीदवार एम गुरुमुर्ति के पक्ष में मतदान के लिए कई मंत्रियों और अन्य नेताओं को तैनात किए हैं। 7 विधानसभा क्षेत्रों में तकरीबन 1709472 मतदाता हैं, जो चित्तूर और नेल्लोर जिले तक फैले हैं।