त्रिपुरा की मुख्य विपक्षी पार्टी टिपरा मोथा के प्रमुख प्रद्योत किशोर माणिक्य देबबर्मा ने शनिवार को नई दिल्ली में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह से मुलाकात की। दोनों नेताओं की यह बैठक इसिलए भी अहम मानी जा रही है क्योंकि, पांच सितंबर को त्रिपुरा की दो विधानसभा सीटों पर उपचुनाव होने वाले हैं। भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता संबित पात्रा ने ट्वीट कर कहा कि प्रद्योत किशोर ने नई दिल्ली में गृहमंत्री के साथ बैठक की। दोनों नेताओं ने स्वदेशी लोगों के अधिकारों और कल्याण को लेकर चर्चा की। पीएम मोदी का कहना है कि त्रिपुरा सहित देश के सभी हिस्सों के आदिवासियों को सशक्त बनाना है। अमस के मुख्यमंत्री हिंमंत बिस्वा सरमा ने बैठक को लेकर कहा कि यह असल में काफी उत्साहजनक है। गृहमंत्री शाह के नेतृत्व में त्रिपुरा के स्वदेशी लोगों के समस्याओं का स्थायी समाधान मिल जाएगा।
केडीएलियन इनोवेशन एंड एक्सपोर्ट सेंटर के संस्थापक और निर्यातक अचिंत्य कुमार दास ने बताया कि असम से सीधा सिंगापुर तक फलों और सब्जियों के निर्यात का परीक्षण अभ्यास सफल रहा। दास ने बताया कि कार्गो में कॉफी प्लम, स्टार फ्रूट, कटहल, असम नींबू और अनानास शामिल हैं। यह परियोजना सिंगापुर के व्यापार और उद्योग मंत्रालय और भारत के उद्योग मंत्रालय के साझा प्रयासों से सफल हो सकी।
सेला चावल पर अब लगेगा 20 फीसदी निर्यात शुल्क
केंद्र सरकार ने सेला (उसना) चावल के निर्यात पर 20 प्रतिशत शुल्क लगा दिया है। यह आदेश 25 अगस्त से प्रभावी हो गया है और 16 अक्तूबर, 2023 तक प्रभावी रहेगा। इसका उद्देश्य पर्याप्त स्थानीय भंडार और घरेलू कीमतों पर नियंत्रण रखना है। हालांकि, निर्यात शुल्क लगने से भारत के चावल निर्यात में कमी आएगी। इससे अमेरिका, थाईलैंड समेत विदेशी बाजारों में चावल की कीमतें बढ़ जाएंगी। वित्त मंत्रालय ने कहा, बंदरगाहों में पड़े सेला चावल पर शुल्क छूट उपलब्ध होगी। यानी, ऐसे चावल भंडार, जिन्हें एक्सपोर्ट ऑर्डर नहीं दिया गया है और 25 अगस्त से पहले वैध लेटर ऑफ क्रेडिट (एलसी) हैं, उन पर नया आदेश लागू नहीं होगा। पिछले महीने सरकार ने घरेलू आपूर्ति बनाए रखने और आगामी त्योहारी सीजन के दौरान खुदरा कीमतों को नियंत्रण में रखने के लिए बासमती चावल छोड़कर सभी तरह के सफेद चावल के निर्यात पर प्रतिबंध लगा दिया था।
नई वेबसाइट पर आसानी से मिलेंगी कर देनदारी, जुर्माने की जानकारियां
आयकर विभाग ने ग्राहकों के अनुकूल इंटरफेस, मूल्यवर्धित सेवाओं और नए मॉड्यूल के साथ एक संशोधित वेबसाइट लॉन्च की है। इस पर करदाताओं को कर की देनदारी, जुर्माने से जुड़े लिंक, तारीखों का अलर्ट जैसी आयकर से जुड़ीं ताजा जानकारियां आसानी से मिल सकेंगी। सीबीडीटी के चेयरमैन नितिन गुप्ता ने उदयपुर में आयकर निदेशालय की ओर से आयोजित चिंतन शिविर में संशोधित वेबसाइट लॉन्च की।
11 साल से फरार पत्नी की हत्या का आरोपी अंडमान से गिरफ्तार
हरियाणा पुलिस की एक टीम ने 2007 में पत्नी की हत्या के मामले में 2012 से फरार चल रहे आरोपी एपी सेलवन (54) को गिरफ्तार किया। उसे अंडमान और निकोबार द्वीप समूह के एक दूरदराज के द्वीप से फिर से पकड़ा गया। वह पेशे से रसोइयां है। 2007 में उसकी पत्नी को छत के पंखे से लटका हुआ पाया गया था। इसके बाद सेलवन को हरियाणा के अंबाला में उसके किराए के घर से पकड़ा गया था। बाद में उसे जमानत पर रिहा कर दिया गया था।
ओडिशा के जालसाज गोल्डन बाबा की 1.53 करोड़ की संपत्ति अटैच
प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने ओडिशा के जालसाज ज्योति रंजन बेउरा उर्फ गोल्डन बाबा के खिलाफ मनी लॉन्ड्रिंग जांच के तहत 1.53 करोड़ रुपये की संपत्ति अटैच की है। ईडी ने शनिवार को यह जानकारी दी। धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) के तहत संपत्तियों को अटैच करने के लिए अस्थायी आदेश जारी किया गया था। ईडी का ज्योति ट्रेडिंग एंड कंपनी के मालिक बेउरा के खिलाफ मनी लॉन्ड्रिंग का मामला आर्थिक अपराध शाखा की एफआईआर और ओडिशा पुलिस की चार्जशीट पर आधारित है।
51,000 से अधिक नियुक्ति पत्र कल वितरित करेंगे पीएम
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 28 अगस्त को 51,000 से अधिक लोगों को ऑनलाइन संबोधन के जरिये नियुक्ति पत्र वितरित करेंगे। बीएसएफ पंजाब फ्रंटियर ने एक्स पर कहा, नियुक्ति पत्र वितरण की आठवीं किस्त केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी की मौजूदगी में जालंधर में निर्धारित की गई है। इससे पहले पीएम मोदी ने 22 जुलाई को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से 70,000 से अधिक नियुक्ति पत्र वितरित किए थे।
रक्षा उपकरणों के लिए बीईएल को 3,289 करोड़ का ऑर्डर
नवरत्न रक्षा पीएसयू भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड (बीईएल) को लो लेवल लाइट वेट राडार, सोनार, आईएफएफ सिस्टम और सैटकॉम सिस्टम समेत विभिन्न रक्षा उपकरण बनाने के लिए जुलाई और अगस्त में 3,289 करोड़ रुपये के नए रक्षा और गैर-रक्षा ऑर्डर प्राप्त हुए हैं। कंपनी के मुताबिक ऑर्डर में ईओ/आईआर पेलोड, टीआरएम/डीटीआरएम, जैमर, एनक्रिप्टर, डाटा लिंक सिस्टम, फायर कंट्रोल सिस्टम, डायरेक्टेड एनर्जी सिस्टम के लिए रडार भी शामिल हैं। बीईएल ने बताया कि उसको सेमी रग्ड टेलीफोन एक्सचेंज की आपूर्ति, सॉफ्टवेयर डिफाइंड रेडियो और विभिन्न प्रकार के रेडियो, इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन, एएमसी और स्पेयर्स तैयार करने की भी जिम्मेदारी दी गई। इसमें हिंदुस्तान शिपयार्ड लिमिटेड से शुक्रवार को फ्लीट सपोर्ट जहाजों के लिए सीएमएस, संचार प्रणाली, ईडब्ल्यू सिस्टम और अन्य सेंसर की आपूर्ति के लिए 1,075 करोड़ रुपये का एलओआई/ऑर्डर भी शामिल है। ये ऑर्डर उन 8,091 करोड़ रुपये के ऑर्डर के अतिरिक्त हैं।
मणिपुर: आदिवासी विधायक विस सत्र में नहीं होंगे शामिल
हिंसा प्रभावित मणिपुर के सभी आदिवासी विधायकों ने अब सुरक्षा का हवाला देते हुए 29 अगस्त को राज्य विधानसभा के एक दिवसीय सत्र में शामिल नहीं होने का फैसला किया है। सूत्रों के मुताबिक मणिपुर के दस कुकी-जो-हमार विधायकों, जिनमें राज्य मंत्रिमंडल के दो मंत्री भी शामिल हैं, ने विधानसभा सत्र में भाग नहीं लेने का कारण सुरक्षा चिंता बताया है। कुकी-जो-हमार समुदाय से संबंधित मणिपुर के दो मंत्री लेटपाओ हाओकिप और नेमचा किपगेन हैं। दूसरी ओर, इंडिजिनस ट्राइबल लीडर्स फोरम (आईटीएलएफ) के एक वरिष्ठ नेता ने कहा है कि दसों कुकी-जो -हमार विधायकों सहित सभी आदिवासी लोग मैतेई-प्रभुत्व वाले मणिपुर की राजधानी इंफाल में जाने से डरते हैं। आईटीएलएफ नेता ने कहा, कुकी, जोमी और अन्य आदिवासी समुदायों से संबंधित कोई भी मंत्री, विधायक और नेता सुरक्षा कारणों से इंफाल जाने के इच्छुक नहीं हैं।
धार्मिक भावनाएं भड़काने और धोखाधड़ी में यूट्यूब चैनल का संपादक गिरफ्तार
केरल पुलिस ने एक यूट्यूब चैनल के संपादक शाजन स्कारिया को धोखाधड़ी मामले में शनिवार को गिरफ्तार किया। स्कारिया के खिलाफ एर्नाकुलम के त्रिक्काकरा थाने में धोखाधड़ी और धार्मिक भावना भड़काने का केस दर्ज है। पुलिस ने बताया कि आरोपी संपादक उसके यूट्यूब चैनल पर धार्मिक नफरत फैलाने के मामले में पूछताछ के लिए उत्तरी मलप्पुरम जिले के निलांबुर थाने पहुंचा था, जहां उसे पूछताछ के बाद गिरफ्तार कर लिया गया। दरअसल केरल हाईकोर्ट ने स्कारिया को उसके खिलाफ दर्ज मामले में पूछताछ में सहयोग करने का निर्देश दिया था। यूट्यूब चैनल पर एक पादरी के साथ परिचर्चा के प्रसारण के बाद संपादक के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था। इस मामले में उसने अग्रिम जमानत ले ली थी।
असम में भाजपा सांसद के घर से नाबालिग का शव बरामद
असम के कछार जिले में लोकसभा सांसद राजदीप रॉय के घर से घरेलू सहायिका के 10 साल के बेटे का शव बरामद किया गया। कछार के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुब्रत सेन ने बताया कि शव के गले में कपड़ा लिपटा हुआ था। उन्होंने बताया कि पीड़िता की मां ढाई साल से भाजपा नेता के घर में घरेलू सहायिका के रूप में काम कर रही थी और मूल रूप से धोलाई इलाके की रहने वाली थी।
बापू पर की टिप्पणी, बंगाली दैनिक के पूर्व संपादक गिरफ्तार
असम की बराक घाटी में एक प्रमुख बंगाली दैनिक के पूर्व संपादक अतीन दास को महात्मा गांधी के खिलाफ गलत टिप्पणी के आरोप में कछार जिले के सिलचर स्थित उनके आवास से गिरफ्तार किया गया। उनके खिलाफ कांग्रेस नेता समसुद्दीन बरलास्कर ने हैलाकांडी सदर पुलिस स्टेशन में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि बाद में उन्हें जमानत पर रिहा कर दिया गया। पत्रकार ने 14 अगस्त को गांधी के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी की थी।
गोल्डन बॉय नीरज की निगाह आज विश्व चैंपियनशिप में स्वर्णिम थ्रो पर
ओलंपिक चैंपियन और गोल्डन बॉय के नाम से मशहूर नीरज चोपड़ा रविवार को हंगरी के बुडापेस्ट में चल रही विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप में फाइनल में उतरकर स्वर्ण जीतने का प्रयास करेंगे। नीरज ने शुक्रवार को क्वालिफाइंग दौर में अपने पहले ही प्रयास में 88.77 मीटर भाला फेंककर फाइनल में प्रवेश कर लिया था। वह इस प्रदर्शन के साथ अगले साल पेरिस में होने वाले ओलंपिक के लिए भी क्वालिफाई करने में सफल रहे।
कौशल में विस्तार से कम होगी बेरोजगारी
एक सर्वेक्षण में शामिल 86 फीसदी से अधिक उत्तरदाताओं का मानना है कि पुन: कौशल और कौशल का विस्तार देने से बेरोजगारी कम करने मदद मिल सकती है। इससे कर्मचारियों को आधुनिक कार्य वातावरण और बाजार की उभरती मांगों के अनुरूप से ढालने में मदद मिलेगी। यह रिपोर्ट बैंकिंग और वित्त, निर्माण और इंजीनियरिंग, शिक्षा, एफएमसीजी, आतिथ्य, मानव संसाधन, आईटी, आईटीईएस और बीपीओ, लॉजिस्टिक्स, विनिर्माण, मीडिया क्षेत्रों पर आधारित है। इसके लिए 14 जून से 25 जुलाई तक 1,148 कर्मचारियों के बीच एक ऑनलाइन सर्वेक्षण किया गया था। एचआर सेवाएं प्रदान करने वाली जीनियस कंसल्टेंट्स की शनिवार को जारी रिपोर्ट में कहा गया है कि सर्वे में शामिल मात्र आठ फीसदी उत्तरदाताओं ने यह कहते हुए असहमति जताई कि इसका वर्तमान परिदृश्य पर ज्यादा प्रभाव नहीं पड़ेगा।