हरियाणा की 19 जेलों में से 3 जेलों में रेडियो पहले ही लाया जा चुका है। इसी साल जनवरी फरवरी के महीने में पानीपत, फरीदाबाद, अंबाला की सेंट्रल जेल में रेडियो का उद्घाटन हुआ है। हरियाणा के पहले जेल रेडियो का उद्घाटन जेल मंत्री रणजीत सिंह, राजीव अरोड़ा आईएएस, अतिरिक्त मुख्य सचिव (गृह, जेल, आपराधिक अनुसंधान एवं न्याय, प्रशासन विभाग) और जेल महानिरीक्षक के सेल्वराज हरियाणा ने किया था।
इस समय हरियाणा की जेलों में रेडियो लाने का दूसरा चरण चल रहा है, जिसमें जिला जेल करनाल, जिला जेल रोहतक, जिला जेल गुरुग्राम और केंद्रीय कारागार (प्रथम) हिसार है। यह उम्मीद की जा रही है कि दूसरे चरण में जिला जेल करनाल में सबसे पहले रेडियो लाया जाएगा। इस जेल रेडियो को सफल बनाने में जेल के अधीक्षक अमित कुमार और डीएसपी शैलाक्षी भरद्वाज का खास योगदान रहा है। शैलाक्षी भारद्वाज का कहना है कि जेल रेडियो के आडिशन से ही जेल में बदलाव महसूस होने लगा था। बंदी इसके माध्यम से अपनी कला को सामने लाने में बहुत दिलचस्पी दिखा रहे हैं।
तिनका तिनका फाउंडेशन की पहल
हरियाणा जेल रेडियो की संकल्पना तिनका तिनका फाउंडेशन की संस्थापक डॉ. वर्तिका नंदा ने की है। जिला जेल, आगरा में 2019 में तिनका तिनका फाउंडेशन ने जेल रेडियो स्थापित किया था। तिनका मॉडल ऑफ प्रिजन रिफॉर्म के तहत देश की जेलों में रेडियो लाने पर काम हो रहा है। वर्तिका नंदा दिल्ली विश्वविद्यालय के लेडी श्रीराम कालेज में पत्रकारिता विभाग की प्रमुख हैं।