स्वामी प्रसाद मौर्य के बसपा का दामन छोड़ने के बाद आगरा में हलचल तेज।
- फोटो : amar ujala
राष्ट्रीय महासचिव और नेता प्रतिपक्ष स्वामी प्रसाद मौर्य के बसपा का दामन छोड़ने के बाद आगरा में भी हलचल तेज हो गई है। बसपा के पांच पूर्व विधायकों को निकाले जाने के बाद पार्टी के साथ खड़े तीन प्रमुख नेताओं पर निगाह रखी जा रही है। स्वामी प्रसाद मौर्य ने अपने साथ कई विधायकों के समर्थन का दावा किया है, इससे पार्टी में चिंता है।
यही वजह है कि उनके ‘स्वामीभक्त’ नेताओं को अपने पाले में बनाए रखना बसपा के लिए चुनौती भरा होगा। बसपा के लंबे समय तक प्रदेश अध्यक्ष रहे राष्ट्रीय महासचिव और नेता प्रतिपक्ष स्वामी प्रसाद मौर्य के आगरा में कई बसपा नेताओं से नजदीकी संबंध हैं। कई परिवारों से मौर्य सीधे जुड़े हुए थे। समाज के कार्यक्रमों में उनकी मौजूदगी और भागीदारी रही है।
ऐसे में मौर्य के बसपा छोड़ने के बाद पार्टी पदाधिकारियों को ऐसे नेताओं पर नजर रखने को कहा गया है। बसपा द्वारा हाल में ही पूर्व मंत्री और पूर्व एमएलसी को निकाले जाने के बाद स्वामी प्रसाद मौर्य के इस कदम को बड़े झटके के रूप में माना जा रहा है। बसपा के जोनल कोआर्डिनेटर सुनील कुमार चित्तौड़ स्वामी प्रसाद मौर्य के पार्टी छोड़ने के असर के सवाल पर ही बिफर गए। सवाल को कोई जवाब नहीं दिया।