महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे
- फोटो : PTI
विश्वव्यापी कोरोना महामारी देश में सबसे ज्यादा महाराष्ट्र में कहर बरपा रही है। मरीजों का आंकड़ा लगातार बढ़ता जा रहा है। इसको लेकर मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे पर कोरोना की लड़ाई में फेल होने का आरोप मढ़ा जाने लगा है। अब ठाकरे के बांद्रा स्थित आवास मातोश्री में कोरोना ने फिर से दस्तक दे दी है। इस बार मातोश्री में तैनात तीन पुलिसकर्मी कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। जो मुख्यमंत्री ठाकरे के लिए नया सिरदर्द है।
मातोश्री में तैनात तीनों पुलिसकर्मियों में कोरोना के कोई लक्षण नहीं दिखाई दे रहे थे। हाल ही में बांद्रा पूर्व के कलानगर परिसर में तैनात सभी पुलिसकर्मियों का एहतियातन टेस्ट कराया गया था जिसमें से तीन पुलिसकर्मियों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। यह तीनों पुलिसकर्मी मातोश्री के गेट पर तैनाथ थे। हालांकि इससे पहले कराई गई जांच में सभी पुलिसकर्मी की रिपोर्ट नेगेटिव आई थी। इन्हें सांता क्रूज के कालीना परिसर में क्वारंटीन किया गया है।
इससे पहले मातोश्री के बाहर एक चाय की टपरी वाला कोरोना संक्रमित मिला था, जहां मातोश्री में ड्यूटी करने वाले पुलिसकर्मी चाय पीने जाते थे। तब यहां तैनात 130 पुलिसकर्मियों को क्वारंटीन किया गया था। बीते 22 अप्रैल को मुख्यमंत्री के सरकारी आवास 'वर्षा' बंगले पर तैनात एक सहायक पुलिस इंस्पेक्टर के कोरोना संक्रमित होने की जानकारी सामने आई थी। उसके बाद एक महिला कांस्टेबल की कोरोना जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी।
30 पुलिस अधिकारी समेंत 227 पुलिसकर्मी कोरोना संक्रमित
महाराष्ट्र में अब तक 30 पुलिस अधिकारियों समेंत 227 पुलिसकर्मी कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। करीब 66 पुलिसकर्मी बीते दो दिन में संक्रमित हुए हैं। संक्रमित पुलिसकर्मियों में ज्यादातर नासिक जिले के मालेगांव में तैनात रिजर्व पुलिस बल के जवान शामिल हैं।