लड़ाकू विमान उड़ाने वाली देश की पहली तीन महिला पायलट अगले महीने इतिहास रचने को तैयार हैं। ये तीनों पायलट तीन हफ्ते की कठोर प्रशिक्षण के बाद सेना का जंगी विमान उड़ाएंगी। भावना कंठ, अवनी चतुर्वेदी और मोहना सिंह को पिछले साल जुलाई में फ्लाइंग ऑफिसर के तौर पर कमीशन मिला था। युद्ध क्षेत्र को प्रयोग के तौर पर महिलाओं के लिए खोलने के सरकार के फैसले के एक साल से भी कम समय में तीनों को कमीशन दे दिया गया।
वायुसेना प्रमुख बीएस धनोआ ने कहा कि आपको जानकर खुशी होगी कि उड़ान के लिए कठिन अभ्यास के बावजूद इन तीनों का प्रदर्शन अन्य पायलटों के प्रदर्शन की तरह ही उत्कृष्ट रहा। तीनों महिला फाइटर पायलट के प्रशिक्षण में शामिल वायुसेना के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि ये अगले महीने लड़ाकू विमान जेट को उड़ाएंगी।
पढ़ें- एयरचीफ बोले- चीन से निबटने में सक्षम, दोनों मोर्चों पर युद्ध के लिए तैयार
फिलहाल ये हॉक एडवांस जेट ट्रेनर पर उड़ान भर रही हैं। वायुसेना प्रमुख ने कहा कि तीन महिला फाइटर पायलट को अगले बैच के लिए चुन लिया गया है। अभी ये स्टेज-2 का प्रशिक्षण ले रही हैं। सफलतापूर्वक प्रशिक्षण पूरा होने पर इन्हें भी फाइटर पायलट के तौर पर कमीशन मिलेगा।