प्रधानमंत्रियों के विदेश दौरों में एयर इंडिया के तीन वित्तीय वर्ष में तीन अरब 6 करोड़ रुपये खर्च हुए हैं। इनमें से एयर इंडिया को एक अरब 34 करोड़ 13 लाख रुपये और अदा किया जाना बाकी है। एयर इंडिया ने 2013 से 15 तक के विदेशी दौरों के हवाई सफर का ब्यौरा दिया है। यह जानकारी आरटीआई से हासिल हुई है।
इस संबंध में आरटीआई कार्यकर्ता कमोडोर लोकेश बत्रा(रिटा.) ने आरटीआई दायर कर जानकारी मांगी थी। इस खर्च में पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह और मौजूदा पीएम नरेंद्र मोदी के कार्यकाल का खर्च शामिल है।
आरटीआई के मुताबिक वित्तीय वर्ष 2013- 2014 तक पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन ने आठ दौरे किए। जिसमें मनमोहन सिंह 40 दिन तक यात्रा पर रहे। इस दौरान चार्टर्ड फ्लाइट पर एक अरब 8 करोड़ 24 लाख रुपये खर्च हुए। ये चार्टर्ड फ्लाइट एयर इंडिया उपलब्ध करवाता है।
एयर इंडिया को इसका पूरा खर्चा मिल चुका है। वहीं वित्तीय वर्ष 2014-2015 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने चार्टर्ड फ्लाइट से 5 दौरे किए किए। उनकी 39 दिन की इस यात्रा में एयर इंडिया के 91 करोड़ 58 लाख रुपये खर्च हुए।
जिसमें से एयर इंडिया को करीब 16 करोड़ रुपये मिलना अभी बाकी है। इस वित्तीय वर्ष में भूटान दौरे के 2 करोड़ 45 लाख का खर्च शामिल नहीं है। वहीं वित्तीय वर्ष 2015-16 में प्रधानमंत्री मोदी ने नौ दौरे किए। जिस पर एक अरब 17 करोड़ रुपये खर्च हुए।
इस दौरान प्रधानमंत्री मोदी 58 दिन यात्रा पर रहे। इन सभी के बिल की अदायगी अभी होनी बाकी है। लोकेश बत्रा का कहना है कि एयर इंडिया की हालत वैसे ही खस्ताहाल रहती है, अगर बिल का पेमेंट सही समय पर हो जाए तो एयर इंडिया की हालत में सुधार हो सकता है।