सीजेएम कोर्ट को उड़ाने की धमकी मिली।
- फोटो : अमर उजाला
सीजेएम कोर्ट को 15 दिन में उड़ाने की धमकी मिली है। सीजेएम कोर्ट में धमकी भरा पत्र कोई सोमवार को छोड़ गया था। कोर्ट बंद करते समय डॉयस पर लिफाफा देख चपरासी ने उठाया। खोला तो उसमें रखे कागज पर कोर्ट को 15 दिन में बम से उड़ाने की धमकी लिखी थी। पत्र में पेशकार को भी जान से मारने की धमकी दी गई है।
मंगलवार को इसकी सूचना मिलते ही पुलिस ने कचहरी को छावनी में तब्दील कर दिया और बम निरोधक दस्ते के साथ पहुंचकर कोर्ट परिसर की सघन तलाशी ली। तलाशी में कोई आपत्तिजनक वस्तु नहीं मिली। कचहरी की सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।
सोमवार को शाम सात बजे के आसपास कर्मचारी सीजेएम कोर्ट बंद कर रहे थे। इसी बीच कोर्ट के डॉयस पर एक लिफाफा रखा मिला। कर्मचारियों ने जब लिफाफे को खोला तो उनके होश उड़ गए। लिफाफे में रखे पत्र में लिखा है-सीजेएम कोर्ट को 15 दिन के अंदर बम से उड़ा दूंगा। सुरक्षा तैयारी कर लो।
पेशकार प्रदीप श्रीवास्तव ने मामले की जानकारी सीजेएम डॉ. दीनानाथ को दी और उन्हें धमकी भरा पत्र दिखाया। सीजेएम ने जिला जज समेत अन्य न्यायिक अधिकारियों को इसकी जानकारी दी। पेशकार ने मंगलवार को सुबह कोतवाली पुलिस को सूचना दी।
सूचना पर एएसपी दीपेंद्र नाथ चौधरी, सीओ सिटी एमपी सिंह, सीओ धौरहरा मनोज यादव और शहर कोतवाल एसपी उपाध्याय के साथ कचहरी पहुंचे। क्यूआरटी और बम निरोधक दस्ते को भी बुलाया गया। पुलिस ने कचहरी के गेट नंबर एक और दो पर पुलिस तैनात कर दी और सीजेएम कोर्ट परिसर की सघन तलाशी ली।