पूर्व मंत्री नंदगोपाल गुप्ता नंदी की पत्नी मेयर अभिलाषा गुप्ता को महीने भर के भीतर फिर जान से मारने की धमकी मिली है। मंगलवार सुबह उनके सरकारी मोबाइल नंबर पर एमएमएस भेजकर धमकी दी गई कि जान तीन सितंबर को एक ट्रक के पिछले टायर के पास काले बैग में पांच लाख रुपये नहीं रखे मिले तो उनकी जान खतरे में होगी। इस मैसेज से परेशान होकर मेयर अभिलाषा ने पुलिस अफसरों को जानकारी दी। रात में एसएसपी से मिलकर सुरक्षा का आग्रह किया। फिर मोबाइल नंबर के आधार पर अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ कोतवाली में केस दर्ज कराया गया।
मेयर अभिलाषा गुप्ता मंगलवार सुबह बहादुरगंज में सुलाकी चौराहा के निकट अपने निवास में थी तभी आठ बजकर 58 मिनट पर उनके सरकारी सीयूजी नंबर पर धमकी भरा एसएमएस आया। मैसेज में लिखा था-‘अपनी जान की सलामती चाहते हो तो पांच लाख रुपये तीन सितंबर को सुबह 3.30 बजे गति चौराहे के पास ट्रक 3482 के पिछले टायर के पास काले बैग में रख जाना वरना...।’
मेयर ने इस धमकी भरे मैसेज के बारे में अपने पति पूर्व मंत्री नंदगोपाल गुप्ता नंदी और पुलिस अधिकारियों को दी। रात में एसएसपी जोगेंद्र कुमार से मिलकर मेयर ने उन्हें धमकी भरे मैसेज के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कोतवाली पुलिस को जान से मारने की धमकी का केस लिखकर जांच क्राइम ब्रांच से कराने का निर्देश दिया।
मेयर का कहना है कि उनके पति पर छह साल पहले रिमोट बम से हमले के बाद अब ऐसी धमकियां मिलने से उन्हें किसी साजिश की आशंका है। उन्हें कई बार आग्रह के बावजूद पर्याप्त सुरक्षा नहीं मुहैया कराई जा रही, जबकि उनके पति पर हमला हो चुका है। सिर्फ प्रोटोकॉल के तहत एक गनर है।