पाकिस्तान के आतंकी कैंप पर भारत के सर्जिकल स्ट्राइक के बाद देश भर में चल रही राष्ट्रवादी लहर के बीच इस साल त्योहारों के दौरान चीनी आइटम की बिक्री प्रभावित होने की आशंका है। दशहरा-दीपावली के बीच सजावट के सामान, बिजली के आइटम व पटाखा बेचने वाले थोक कारोबारियों के मुताबिक चीनी आइटम की बिक्री में 20 फीसदी की कमी आने पर भी उन्हें खासा नुकसान हो सकता है।
कारोबारियों का कहना है कि वे तीन माह पहले ही त्योहारों में बिकने वाले माल को चीन से मंगा चुके हैं और अब उसे वापस भी नहीं कर सकते हैं। एक अनुमान के मुताबिक, सिर्फ दिल्ली में दशहरा व दीपावली के दौरान सजावट, गिफ्ट व पटाखे जैसे आइटम की 1,000 करोड़ रुपये की बिक्री होती है।
सदर बाजार के थोक कारोबारी देवराज बवेजा कहते हैं, जो माहौल चल रहा है उसमें अगर 20 फीसदी लोगों ने भी चीनी आइटम का बहिष्कार कर दिया तो व्यापारियों को बड़ा नुकसान होगा। उन्होंने कहा कि चीनी आइटम को न तो कारोबारी वापस कर सकते हैं और न ही उसे अगले साल बेच सकते हैं।