मेघालय में शिलांग के पुलिस अधीक्षक विवेक सियोम ने खुलासा किया कि हत्या की साजिश में शामिल आरोपियों में राज का चचेरा भाई भी है। उन्होंने कहा कि यह कोई कॉन्ट्रैक्ट किलिंग नहीं है। आरोपियों ने अपने दोस्त राज के लिए अहसान के तौर पर हत्या की। ये सभी आरोपी फरवरी से ही राजा के बंधन से सोनम को मुक्त कराने की साजिश रच रहे थे। शादी टलवाने में नाकाम रहने पर आरोपियों ने सोनम को राजा के साथ असम स्थित कामाख्या देवी मंदिर जाने के लिए मनाया। राजा हत्याकांड के पांचों आरोपियों से शुक्रवार तीसरे दिन भी अलग-अलग पूछताछ की गई।
राजा के भाई ने सोनम व राज का नार्को टेस्ट कराने की मांग की
राजा के बड़े भाई सचिन रघुवंशी ने कहा कि हम चाहते हैं कि मेघालय पुलिस सोनम और राज का नार्को टेस्ट कराए ताकि मेरे भाई की हत्या के पीछे का सच सामने आ सके। सोनम व राज एक-दूसरे पर मास्टरमाइंड होने का आरोप लगाकर जांचकर्ताओं को गुमराह कर रहे हैं। उन्होंने कहा, सोनम व राज जांच को गलत दिशा में ले जाने के लिए मिलीभगत कर रहे हैं।