फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सौराष्ट्र में हार्दिक की सीडी का असर नहीं, भाजपा में दलबदलुओं को टिकट देने पर नाराजगी

Sat, 18 Nov 2017 05:13 PM IST
अतुल सिन्हा/ जामनगर/राजकोट
विज्ञापन
हार्दिक पटेल
विज्ञापन
हार्दिक पटेल की जिस सीडी को लेकर इतना शोर बाहर सुनाई दे रहा है, सौराष्ट्र के कई इलाकों में उसका कोई असर नहीं दिखाई दे रहा। यह बात भाजपा के तमाम नेता और कार्यकर्ता भी खुलकर कह रहे हैं। जामनगर और खंभालिया में भाजपा कार्यालय में बैठे कई युवा कार्यकर्ता यह मानते हैं कि 18 से 24 साल के युवाओं में हार्दिक को लेकर जबरदस्त क्रेज़ है और इस सीडी से पाटीदारों के वोट पर खास असर नहीं पड़ने वाला।
विज्ञापन


 पढ़ें: राजकोट के चुनावी रंग में होर्डिंग्स और बैनर की जंग

भाजपा ने अपनी पहली लिस्ट में भले ही 15 पाटीदारों को टिकट देकर ये बताने की कोशिश की है कि वह पाटीदारों की असली हितैषी है, लेकिन इससे पाटीदारों की नाराज़गी कम हो जाएगी, कहना मुश्किल है। जामनगर शहर भाजपा के अध्यक्ष हंसमुख भाई हिंडोचा मानते हैं कि इस इलाके में करीब 10 फीसदी पाटीदार वोट हैं और ये नतीजों का रुख बदलने की ताकत रखते हैं।

उनका दावा है कि इस बार शहर की दोनों ही सीटें भाजपा के पास आएंगी। पहले इनमें से एक जामनगर उत्तर की सीट कांग्रेस के पास थी, लेकिन इस बार उसी कांग्रेसी विधायक ने भाजपा का दामन थाम लिया है और पार्टी ने इस बार उसी धर्मेन्द्र सिंह मेरुभा जाडेजा को टिकट भी दे दिया है। भाजपा की इस लिस्ट में जामनगर ग्रामीण के मौजूदा कांग्रेसी विधायक राघवजी पटेल का भी नाम है जो हाल ही में भाजपा में शामिल हुए हैं। 
विज्ञापन


पढ़ें: कुर्सी की चाबी है गुजरात की लकी सीट राजकोट वेस्ट, पीएम और सीएम भी कर चुके हैं नुमाइंदगी

सरकार तो भाजपा की ही बनेगी 
भाजपा के ज़मीनी कार्यकर्ताओं और पुराने नेताओं में इस बात की नाराज़गी झलकती है कि पार्टी दलबदलुओं को टिकट दे रही है और अपने लोगों को नाराज़ कर रही है। हंसमुख भाई मूल रूप से संघ से जुड़े रहे हैं और जामनगर में उन्होंने संगठन और पार्टी के लिए पूरी निष्ठा से काम किया है, लेकिन वो भी मानते हैं कि 2012 से इस बार की परिस्थितियों में काफी फर्क है। 

तब मोदी थे और उनका जादू चलता था। वो ये भी मानते हैं कि किसान और व्यापारी वर्ग नाराज़ है। एंटी इन्कम्बेंसी फैक्टर भी है, फिर भी लोगों के पास विकल्प नहीं है, इसलिए सरकार तो भाजपा की ही बनेगी।
विज्ञापन

सारे पटेल हमारे साथः कांग्रेस

बीजेपी-कांग्रेस - फोटो : File Photo
दूसरी तरफ जामनगर कांग्रेस के अध्यक्ष गिरीश अमेठिया राहुल गांधी के दौरों से ज़बरदस्त उत्साह में हैं और उनका दावा है कि कांग्रेस के पक्ष में हवा है, सारे पटेल हमारे साथ हैं, भाजपा को अब गुजरात में सबक सिखाने के लिए गांव के किसान भी कमर कस चुके हैं। 

राजकोट से जामनगर के रास्ते में परधरी तालुका के डेपरिया गांव में मगन भाई जाधव किसान हैं, कपास की खेती करते हैं, लेकिन जिस खेत में काम करते हैं वो भाजपा नेता बावनजी बापू का है। मगन भाई मोदी भक्त हैं और कहते हैं कि सरकार तो भाजपा की ही बनेगी। पाटीदार कांग्रेस के पास जाएंगे तो भी भाजपा को फर्क नहीं पड़ेगा। 

सब चुनावी खेल है
कपास और मूंगफली की खेती करने वाले गरड़ा और लैयारा के किसान इस बात से बेहद खफा हैं कि उनकी फसल खेतों में बेकार पड़ी है, दाम नहीं मिलता, सरकार खरीदती नहीं। नोटबंदी को लेकर भी बेहद नाराज़गी दिखती है और वो खुलकर कहते हैं इस बार किसी भी हालत में भाजपा को नहीं आने देंगे। 

पाटीदारों का नाम लेते ही वो भी हार्दिक की बात करते हैं और सीडी के सवाल पर कहते हैं कि जवान लड़का है, क्या गलत कर दिया, बड़े-बड़े नेता भी यही करते हैं, सब चुनावी खेल है।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें