फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

मिशन शक्ति पर सियासत : राहुल का तंज, प्रधानमंत्री को 'विश्व रंगमंच दिवस' की बधाई

Wed, 27 Mar 2019 04:53 PM IST
संदीप भट्ट न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

सार

  • प्रधानमंत्री को 'विश्व रंगमंच दिवस' की बधाई : राहुल गांधी
  • परीक्षण की आड़ में मोदी का राजनीति करना अति निन्दनीय : मायावती
  • मोदी ने जमीनी मुददों से बंटाया देश का ध्यान : अखिलेश
  • नीतीश ने ‘मिशन शक्ति’ की सफलता पर डीआरडीओ, वैज्ञानिकों को बधाई दी
विज्ञापन
राहुल गांधी (फाइल फोटो) - फोटो : ANI
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को एलान किया कि भारत ने अंतरिक्ष में एंटी सैटेलाइट मिसाइल से एक लाइव सैटेलाइट को मार गिराते हुए आज अपना नाम अंतरिक्ष महाशक्ति के तौर पर दर्ज कराया और ऐसी क्षमता हासिल करने वाला दुनिया का चौथा देश बन गया। प्रधानमंत्री के संबोधन के बाद 'मिशन शक्ति' पर सियासत शुरू हो गई। कांग्रेस से लेकर पूरा विपक्ष प्रधानमंत्री पर हमला तेज कर दिया। 

विज्ञापन


कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने 'मिशन शक्ति' की सफलता के लिए डीआरडीओ की सराहना की लेकिन पीएम नरेंद्र मोदी पर तंज कसते हुए कहा कि वह मोदी को 'विश्व रंगमंच दिवस' की बधाई देते हैं। गांधी ने ट्वीट कर कहा, ' बहुत खूब डीआरडीओ, आपके कार्य पर हमें गर्व है।'  उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी के राष्ट्र के नाम संबोधन को लेकर कटाक्ष करते हुए कहा, 'मैं प्रधानमंत्री को विश्व रंगमंच दिवस की बधाई भी देना चाहता हूँ ।' 

इससे पहले पार्टी के मुख्य प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने ट्वीट कर कहा, 'मिशन शक्ति की सफलता के लिए डीआरडीओ को बधाई। इसकी बुनियाद यूपीए सरकार के दौरान 2012 में पड़ी थी।' उन्होंने कहा, 'पंडित जवाहरलाल नेहरू और विक्रम साराभाई के नजरिये की वजह से भारत अंतरिक्ष प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में अग्रणी रहा है। यह भारत के लिए गौरव क्षण है।'
विज्ञापन


कांग्रेस नेता अहमद पटेल ने ट्वीट कर कहा कि यूपीए सरकार ने ए सैट कार्यक्रम की शुरुआत की थी जो आज फल-फूल रहा है। मैं हमारे अंतरिक्ष वैज्ञानिकों और डॉ मनमोहन सिंह के नेतृत्व को बधाई देता हूं। कांग्रेस प्रवक्ता प्रियंका चतुर्वेदी ने कहा, ' अंतरिक्ष महाशक्ति बनने पर भारतीय अंतरिक्ष विज्ञान के वैज्ञानिकों के कार्य को सलाम ! पंडित जवाहर लाल नेहरु और होमी जहांगीर भाभा की दूरदर्शिता को भी सलाम, जिसके कारण भारत आज दुनिया का चौथा अंतरिक्ष महाशक्ति बनने में सफल हो पाया। जय हिंद।'

सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि भारत की एंटी सैटेलाइट मिसाइल क्षमता पर राष्ट्र को संबोधित कर जमीनी मुद्दों से देश का ध्यान बंटाया । अखिलेश ने ट्वीट कर कहा ‘‘ आज नरेंद्र मोदी मुफ्त में घंटा भर टीवी पर रहे और उन्होंने आकाश की ओर इशारा कर बेरोजगारी, ग्रामीण संकट, महिला सुरक्षा जैसे जमीनी मुद्दों से देश का ध्यान बंटाया ।’’ 

बसपा सुप्रीमो मायावती ने कहा कि अंतरिक्ष में निचली कक्षा में एंटी सैटेलाइट मिसाइल से लाइव सैटेलाइट को मार गिराने के परीक्षण की आड़ में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का राजनीति करना अति निन्दनीय है । मायावती ने ट्वीट कर कहा, 'भारतीय रक्षा वैज्ञानिकों द्वारा अंतरिक्ष में सैटेलाइट उपग्रह मार गिराये जाने का सफल परीक्षण कर देश का सर ऊंचा करने के लिए उन्हें अनेकों बधाई ।' 

 






 

विज्ञापन

मिशन शक्ति से भारत की सुरक्षा क्षमता बढ़ी, देश चौथी अंतरिक्ष महाशक्ति बना : भाजपा

वहीं भाजपा नेताओं एवं केंद्रीय मंत्रियों ने स्वागत करते हुए  कहा कि ‘मिशन शक्ति’ से न केवल भारत की सुरक्षा क्षमता बढ़ी है बल्कि देश अंतरिक्ष के क्षेत्र में चौथी महाशक्ति बन गया है ।

भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने अपने ट्वीट में कहा, ‘‘ यह सभी भारतीयों के लिए गर्व का क्षण है, निर्णायक नेतृत्व मजबूत देश का निर्माण करता है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘ मैं मिशन शक्ति से जुड़े सभी वैज्ञानिकों को बधाई देता हूं और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को यह सुनिश्चित करने के लिये धन्यवाद देता हूं कि भारत अपने लोगों के हितों एवं सभी मोर्चों पर सुरक्षा मजबूत कर रहा है। ’’ 

गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा, ‘‘ पूरी तरह स्वदेशी तकनीक से निर्मित इस एंटी सैटेलाइट मिसाइल से न केवल भारत की सुरक्षा क्षमता बढ़ी है बल्कि अब हमारा देश अंतरिक्ष में यह उपलब्धि हासिल करने वाला चौथा ‘स्पेस पावर’ बन गया है ।’’ 

केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने कहा ‘‘ ऐतिहासिक 'मिशन शक्ति' को सफल बनाने के लिए हमारे वैज्ञानिकों और देश की जनता को बधाई। हमने एक लो ऑर्बिट सैटेलाइट को मार गिराया है, जिसका मतलब है कि हम देश पर आने वाले किसी भी प्रकार के खतरे से निपटने के लिए तैयार हैं।’’ 

केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने कहा कि भारत ने आज अपना नाम ‘स्पेस पावर’ के रूप में दर्ज करा दिया है। अब तक दुनिया के 3 देशों अमेरिका, रूस, और चीन को यह उपलब्धि हासिल थी। अब भारत चौथा देश है, जिसने आज यह सिद्धि प्राप्त की है ।

केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने कहा कि मिशन शक्ति हमारे वैज्ञानिकों की इच्छाशक्ति और राष्ट्रीय सुरक्षा की प्रतिबद्धता का उदाहरण है। ‘‘प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, वैज्ञानिकों और देशवासियों को इसकी बधाई। ’’
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें