वित्त मंत्रालय में शनिवार को हलवा सेरेमनी के साथ ही
बजट दस्तावेज की छपाई का काम औपचारिक रूप से शुरू हो गया। केंद्रीय वित्त मंत्री
अरुण जेटली एक फरवरी को एनडीए सरकार का आखिरी पूर्ण बजट पेश करेंगे।
नार्थ ब्लॉक में आयोजित कार्यक्रम में वित्त राज्य मंत्री शिव प्रताप शुक्ला समेत मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद थे। मंत्रालय ने अपने ट्विटर अकाउंट से एक तस्वीर भी साझा की। परंपरा के अनुसार, एक बड़ी कढ़ाई में हलवा तैयार किया जाता है और इसे मंत्रालय के पूरे स्टाफ में बांटा जाता है।
इसके साथ ही बजट के निर्माण और छपाई की प्रक्रिया से सीधे तौर पर जुड़े अधिकारी और स्टाफ सदस्य अगले कुछ दिनों तक अपने परिवार से दूर एक गोपनीय स्थान पर रहेंगे। इस दौरान परिजन फोन या ई-मेल के जरिए भी उनसे संपर्क नहीं कर सकते हैं। लोकसभा में बजट पेश होने पर ही बाहर आएंगे।
जानिए क्या है हलवा सेरेमनी
आपको बता दें कि किसी भी सरकार में बजट पेश होने से पहले वित्त मंत्रालय में एक अहम हलवा सेरेमनी का आयोजन किया जाता है।हलवा सेरेमनी के बाद आधिकारिक तौर पर बजट प्रिंट के लिए भेजा जाता है।
भारतीय परंपरा में किसी भी शुभकार्य में हलवे को शुभ माना जाता है यही वजह है कि बजट से पहले हलवा सेरिमनी होती है। हलवा सेरिमनी में वित्त मंत्री बजट से जुड़े कर्मचारियों, और वित्त अधिकारियों को हलवा बांटते हैं। हलवा सेरिमनी के बाद ही बजट दस्तावेजों की छपाई की जाती है। जेटली की यह पांचवी बजट हलवा सेरिमनी है। जेटली बतौर वित्त मंत्री पांच बार बजट पेश कर चुके हैं।