एक दलित रिक्शा चालक के अचानक गायब होने के बाद पुलिस ने तलाश की लेकिन चालक नहीं मिला। वहीं हरियाली प्रोजेक्ट के समीप रिक्शा चालक के कपडे़ और रिक्शा मिलने के बाद परिवारीजनों ने हत्या की आशंका व्यक्त की है। लापता रिक्शा चालक करोड़ों की जमीन का मालिक बताया जाता है।
मोहल्ला गढ़ी निवासी बालिस्टर सिंह कठेरिया (36) गुरुवार रात सात बजे लापता हो गए। परिवारीजनों के मुताबिक किसी ने फोन कर उन्हें हरी सिंहपुर मार्ग पर डालडा की गाड़ी पलटने की सूचना दी थी। उन्हें माल को रिक्शा पर लादकर ले जाने के लिए बुलाया। उक्त फोन कॉल के बाद वह रिक्शा लेकर बताए गए स्थान पर चला गया। देर रात तक जब वह घर वापस नहीं लौटा तो परिवारीजनों ने तलाश शुरू की।
शुक्रवार सुबह वन विभाग कार्यालय के समीप झाड़ियों के सामने उनका लोडर रिक्शा खड़ा मिला। कुछ दूरी पर उनके कपडे़, तौलिया, चप्पलें और गले में पड़ा काला धागा आदि सामान मिला। अनहोनी की आशंका के बीच परिवारीजनों ने थाना पुलिस को सूचना दी। थानाध्यक्ष एसआर गौतम ने पुलिस बल के साथ बालिस्टर की तलाश शुरू कर दी।