दिल्ली-एनसीआर की आबोहवा रविवार को फिर बदतर हो गई। शनिवार के मुकाबले वायु की गुणवत्ता जानलेवा हो गई है। यहां तक कि स्वस्थ व्यक्ति के लिए भी इस वातावरण में सांस लेना खतरनाक हो गया है। स्मॉग के कारण 150 ट्रेनें प्रभावित हुईं और करीब एक दर्जन से ज्यादा ट्रेनों को रद्द करना पड़ा। स्मॉग से कम दृश्यता के कारण कई उड़ानें भी प्रभावित हुई हैं।
पढ़ें: AAP सरकार प्रदूषण नियंत्रित करने के लिए गंभीर नहीं है : BJP
दिल्ली जहरीली धुंध की चपेट में है और कई स्थानों पर दृश्यता 100 मीटर से भी कम रही। हवा गुणवत्ता मापने वाले केंद्रीय नियंत्रण कक्ष के आंकड़े बताते हैं कि हवा में खतरनाक कणों का स्तर रविवार को एक बार फिर इमरजेंसी श्रेणी में पहुंच गया जबकि शनिवार तक यह इमरजेंसी स्तर से थोड़ा नीचे था।
पढ़ें: दिल्ली में जहरीली हवा बरकरार, विदेशी एयरलाइंस ने रद्द की उड़ानें
रविवार दोपहर पीएम 2.5 का स्तर 478 और पीएम 10 का स्तर 713 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर तक पहुंच गया। इनका स्तर 24 घंटे तक क्रमश: 60 और 100 रहने को सुरक्षित माना जाता है। वहीं केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) ने वायु गुणवत्ता सूचकांक को 460 आंका है, शनिवार को यह स्तर 403 था।
कल से बारिश भरी राहत की उम्मीद
जलवायु पर निगरानी रखने वाली केंद्र की संस्था ‘सफर’ ने इसे खतरनाक श्रेणी में माना है। सीपीसीबी एयर लैब के प्रमुख दीपांकर साहा के मुताबिक वातावरण में धूलकण और नमी से यह स्थिति बनी है और स्मॉग की मोटी परत से ही अधिकतम और न्यूनतम तापमान में कमी आई है।
उन्होंने कहा कि पश्चिमी विक्षोभ के कारण 13 नवंबर से वायु प्रदूषण कम आएगा। उधर स्मॉग से लंबी दूरी की लगभग सभी ट्रेनें देरी से चल रही हैं। रविवार को कम दृश्यता के कारण करीब 150 ट्रेनें प्रभावित हुईं। देहरादून-नई दिल्ली, महानंदा, नई दिल्ली-रोहतक इंटरसिटी, बरेली इंटरसिटी, अमृतसर-नई दिल्ली, संगम एक्सप्रेस समेत एक दर्जन से अधिक ट्रेन के निरस्त होने से यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
सोमवार को फिरोजपुर-दिल्ली सराय रोहिल्ला इंटरसिटी ट्रेन निरस्त रहेगी। इसी तरह 40 से अधिक ट्रेनें 6-20 घंटे की देरी से चलीं, तो 25 ट्रेन बदले समय से चलानी पड़ी। रविवार को रवाना होने वाली कुछ ट्रेन अब सोमवार को चलेंगी।
कल से बारिश भरी राहत की उम्मीद
स्मॉग की चादर में कैद दिल्ली को मंगलवार और बुधवार को बारिश भरी राहत की उम्मीद है। मौसम विभाग के अनुसार दिल्ली में मंगलवार को धुंध कम होगी, वहीं 14 और 15 नवंबर को हल्की बारिश हो सकती है।
इससे धुंध छंटने के आसार हैं। सफर के मुताबिक 14 की शाम को बारिश की संभावना है। हालांकि विशेषज्ञों ने कहा है कि बारिश से फौरी राहत तो मिलेगी, लेकिन नमी के कारण इससे हवा में धूलकण सघन होने के आसार हैं।