हाईवे पर गुजर रहे शिव भक्तों की सेवा में विदेशी बहू भी लगी हुई है। विदेशी बहू भोले को अपने हाथों से खाना परोस रही है। वह चार साल से शिवभक्तों की सेवा कर रही हैं। सदर बाजार निवासी अरविंद एलन के बेटे मोहित एलन की शादी वर्ष 2011 में चैक गणराज्य निवासी इवाना से हुई थी।
मोहित एलन का ट्रांसपोर्ट का बिजनेस और इवाना एक फिजियोथेरेपिस्ट है। अरविंद एलन ने सिवाया में कांवड़ शिविर लगा रखा है। इस बार उनका छठा कांवड़ शिविर है। इवाना भी शिवभक्तों की सेवा में जुटी हुई है।
इवाना ने बताया कि जब वह यहां आई तो हिंदी बोलनी नहीं आती थी, लेकिन अब वह हिंदी बोल लेती है। वह अपने हाथों से खाना बनाकर शिव भक्तों को खिलाती है। पति मोहित एलन का कहना है कि इवाना अब पूरी तरह से यहां पर सहयोग करती है। उनके साथ परिवार के दीपक एलन, योगेंद्र एलन, राजेंद्र एलन, भूषण शर्मा आदि भी लगे हुए है।