छोटा राजन पर कोर्ट की तरफ से तय किए गए आरोप
- फोटो : Reuters
फर्जी पासपोर्ट मामले में अदालत ने गैंगस्टर छोटा राजन के खिलाफ धोखाधड़ी, फर्जीवाड़ा व आपराधिक साजिश संबंधी धाराओं में बुधवार को आरोप तय कर दिए। अदालत ने तीन पूर्व अधिकारियों के खिलाफ भी आरोप तय किए हैं। अदालत ने मामले की रोजाना सुनवाई करने का निर्देश दिया है।
पटियाला हाउस स्थित विशेष सीबीआई जज विनोद कुमार ने गैंगस्टर छोटा राजन व तीन पूर्व सरकारी अधिकारियों के खिलाफ बुधवार को आरोप तय कर दिए। अदालत ने छोटा राजन व पासपोर्ट कार्यालय के सेवानिवृत्त जयश्री दत्तात्रेय रहाते, दीपक नटवरलाल शाह व ललिता लक्ष्मणन के खिलाफ धोखाधड़ी, फर्जीवाड़ा व आपराधिक साजिश तथा पासपोर्ट एक्ट के तहत आरोप तय किए हैं।
अदालत ने पूर्व तीन सरकारी अधिकारियों पर भ्रष्टाचार रोकथाम अधिनियम के तहत भी आरोप तय किए हैं। अदालत ने 11 जुलाई से केस की सुनवाई प्रतिदिन करने का निर्देश दिया है।