Karnataka Chief Minister BS Yediyurappa
- फोटो : ANI
बंगलूरू में मंगलवार की रात को असामाजिक तत्वों वाली एक हिंसक भीड़ ने पुलिस थाने समेत कई इलाकों में आगजनी और हिंसा की। इसके अलावा भीड़ ने कांग्रेस के एक विधायक के आवास पर भी हमला किया। कथित तौर पर यह पूरी घटना एक सोशल मीडिया पोस्ट की वजह से हुई।
इस पूरी घटना के बाद अब कांग्रेस पार्टी ने राज्य सरकार पर निशाना साधा है। कांग्रेस ने बंगलूरू में हुई हिंसा की निंदा करते हुए बुधवार को कनार्टक की भाजपा सरकार से सवाल किया कि क्या बीएस येदियुरप्पा सरकार सो रही थी, या फिर हिंसा होने की प्रतीक्षा कर रही थी?
पार्टी के मुख्य प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने यह दावा भी किया कि इस घटना से कानून-व्यवस्था की विफलता साबित हुई है। उन्होंने ट्वीट किया, ‘बंगलूरू हिंसा, दंगा और आगजनी निंदनीय एवं अस्वीकार्य है। यह कानून-व्यवस्था की मशीनरी और कानून के शासन की पूरी तरह विफलता है।’
कांग्रेस नेता ने सवाल किया, ‘क्या येदियुरप्पा सरकार सो रही थी या हिंसा होने की प्रतीक्षा कर रही थी? पुलिस ने समय पर कार्रवाई क्यों नहीं की? तीन मौतों का जिम्मेदार कौन है?’
गौरतलब है कि मंगलवार रात हिंसक भीड़ ने थाने और कांग्रेस विधायक अखंड श्रीनिवास मूर्ति के आवास में तोड़फोड़ की। यह घटना विधायक के एक कथित संबंधी द्वारा सोशल मीडिया पर एक पोस्ट साझा किए जाने के बाद हुई।
पुलिस के मुताबिक, बड़ी संख्या में लोग विधायक श्रीनिवास मूर्ति के आवास के निकट जमा हुए और तोड़फोड़ की तथा वहां खड़े वाहनों को क्षतिग्रस्त कर दिया।