महाराष्ट्र में लंबे समय से अंडरवर्ल्ड के नाम पर लोगों को मिलने वाली धमकियों पर नकेल कसी हुई थी। हालांकि, बीते कुछ समय में एक बार फिर से महाराष्ट्र में फिर से अंडरवर्ल्ड का साया गहराता जा रहा है। राज्य के ठाणे जिले के एक कारोबारी से लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम पर 10 करोड़ की रंगदारी मांगी गई है।
ठाणे के एक पुलिस अधिकारी ने रविवार को बताया कि जिले के एक प्रमुख बिल्डर से 10 करोड़ रुपये की उगाही करने की कोशिश करने के आरोप में मामला दर्ज किया गया है। उन्होंने कहा कि धमकी देने वाले अज्ञात व्यक्तियों ने बिश्नोई गैंग का हिस्सा होने का दावा किया है।
ये भी पढ़ें: Telangana: हैदराबाद में बेकाबू हुई तेज रफ्तार फेरारी, तीन लोग घायल; कई वाहन क्षतिग्रस्त हुए
बिश्नोई गैंग का सदस्य होने का किया दावा
नौपाड़ा पुलिस स्टेशन में 60 वर्षीय व्यवसायी की ओर से दर्ज कराई गई शिकायत के अनुसार, उन्हें 11 फरवरी को व्हाट्सएप पर कॉल आई थी। कारोबारी ने बताया कि वह मध्य प्रदेश में एक धार्मिक समारोह में शामिल होने गए थे, उस दौरान व्हाट्सएप पर कई कॉल आए। कॉल पर उन्हें 10 करोड़ रुपये देने के लिए कहा गया।
कारोबारी ने बताया कि धमकी देने वालों ने ऐसा न करने पर उन्हें मरने के लिए तैयार रहने को कहा गया। फोन करने वाले शख्स ने खुद को बिश्नोई गैंग का सदस्य बताया था। अज्ञात शख्स ने बिल्डर से यह भी कहा कि वह कॉल को रिकॉर्ड करने और पुलिस को सौंपने के लिए आजाद है।
अंतरराष्ट्रीय नंबर से भी आए धमकी भरे फोन
मामले की जानकारी देते हुए पुलिस अधिकारी ने बताया, '20 फरवरी को भी कारोबारी का उत्पीड़न जारी रहा। बिल्डर अपने कार्यालय में थे, इस दौरान एक अंतरराष्ट्रीय नंबर से चार व्हाट्सएप कॉल आए। जब उन्होंने कॉल का जवाब नहीं दिया, तो संदिग्ध ने दोपहर 12:29 बजे उनके मोबाइल फोन पर एक ऑडियो क्लिप भेजा, जिसमें जान से मारने की धमकियां थीं।'
ये भी पढ़ें: Karnataka: कर्नाटक में बच्चों के लिए प्रतिबंधित होगा मोबाइल फोन? सीएम ने सोशल मीडिया की लत पर जताई चिंता
नौपाड़ा पुलिस स्टेशन के वरिष्ठ निरीक्षक अभय चंद्रनाथ महाजन ने बताया कि व्यवसायी की शिकायत, व्हाट्सएप कॉल और ऑडियो क्लिप के आधार पर 20 फरवरी को भारतीय न्याय संहिता के तहत जबरन वसूली और अन्य अपराधों के लिए एफआईआर दर्ज की गई थी। उन्होंने आगे कहा कि इस मामले में अभी तक कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है।
अन्य वीडियो