पाकिस्तानी आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा अपने आतंकियों को समुद्र में गोताखोरी का प्रशिक्षण दे रहा है। इसके चलते भारत पर समुद्र के रास्ते से हमले की आशंका बढ़ गई है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, लश्कर-ए-तैयबा और अन्य पाकिस्तानी आतंकी संगठन अपनी ताकत बढ़ाने का प्रयास कर रहे हैं।
बता दें कि आतंकियों को यह प्रशिक्षण पाकिस्तानी नौसेना की ओर से लाहौर, शेखपुरा और फैसलाबाद में दिया जा रहा है। जिसके चलते भारत को आंशका है कि ये आतंकी कार्गो शिप या ऑयल टैंकर को हाईजैक करके बड़ी घटना को अंजाम दे सकते हैं।
रिपोर्ट्स में यह भी बताया गया है कि समुद्री हमले की आशंका के बाद कोस्ट गार्ड और भारतीय नौसेना को चेतावनी जारी कर दी गई है। नौसेना और कोस्ट गार्ड को मिले इनपुट के मुताबिक यह प्रशिक्षण शेखपुरा, लाहौर और फैसलाबाद में जून माह से दिया जा रहा है।
उल्लेखनीय है कि 26 नवंबर वर्ष 2008 में 10 पाकिस्तानी आतंकियों ने समुद्री रास्ते से भारत में घुसकर मुंबई में बड़ी आतंकी घटना को अंजाम दिया था। इस आतंकवादी हमले में 26 विदेशी नागरिकों सहित 166 लोगों की मौत हुई थी।