महाराष्ट्र के ठाणे जिले के भिवंडी शहर के कुछ इलाकों में एक 17 साल के लड़के की मौत के बाद अचानक तनाव का माहौल पसर गया। बताया जा रहा है कि यहां दो समूहों के बीच झड़प के चलते एक किशोर घायल हो गया था, जिसकी बाद में इलाज के दौरान मौत हो गई। वहीं मृतक की पहचान संकेत भोसले के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार मृतक के रिश्तेदारों और उनके समर्थकों ने धमनकर नाका और आसपास के इलाकों में कुछ दुकानों को जबरन बंद करवा दिया था। मामला 14 फरवरी का है जब मृतक भोसले और कैलास धोत्रे चलते समय गलती से एक-दूसरे से टकरा गए और विवाद शुरू हो गया था। फिलहाल, इस मामले में क्रॉस शिकायतें दर्ज की हैं और हत्या के प्रयास सहित अन्य आरोपों के तहत चार लोगों को गिरफ्तार किया है। पीड़ित की मौत के बाद एफआईआर में धारा 302 (हत्या की सजा) जोड़ दी गई है।
बोर्ड परीक्षा: ठाणे प्रशासन ने निषेधाज्ञा जारी की
ठाणे जिला प्रशासन ने कक्षा 12 और 10 के परीक्षा केंद्रों के आसपास निषेधाज्ञा आदेश जारी किए हैं। परीक्षा केंद्रों के 100 मीटर के दायरे में लोगों को इकट्ठा होने की अनुमति नहीं होगी। बता दें कि राज्य बोर्ड द्वारा आयोजित 12वीं कक्षा की परीक्षाएं बुधवार से शुरू हुईं हैं। कलेक्टर अशोक शिंगारे द्वारा जारी आदेश एचएससी परीक्षा के लिए 21 फरवरी से 19 मार्च के बीच और ठाणे जिले में कक्षा 10 की परीक्षा के लिए 1 मार्च से 26 मार्च तक लागू रहेगा।