तेलंगाना विशेष पुलिस (टीजीएसपी) के 10 कर्मियों को सोमवार को सेवा से बर्खास्त कर दिया गया। इसके अलावा, 21 पुलिस कर्मियों को गिरफ्तार किया गया है। यह कार्रवाई सभी पुलिस कर्मियों के लिए समान नीतियों की मांग को लेकर हाल ही में हुए विरोध प्रदर्शनों के बाद हुई है। विरोध प्रदर्शन के दौरान इन पुलिस कर्मियों की कथित संलिप्तता पाई गई है।
पुलिस विज्ञप्ति के अनुसार, पुलिस कर्मियों को बार-बार चेतावनी दी गई थी कि वह विरोध प्रदर्शन से दूर रहें। इसके बावजूद, 10 पुलिस कर्मियों ने निर्देशों का उल्लंघन किया और ऐसे कार्यों में लगे रहे, जिससे बटालियन का अनुशासन प्रभावित हुआ। उनके इस तरह के कार्यों में लगे रहने से बल की छवि धूमिल हुई। परिणामस्वरूप, सार्वजनिक हित से समझौता करने वाली परिस्थितियों में, भारत के संविधान के अनुच्छेद 311(2)(बी) के तहत उनकी बर्खास्तगी का आदेश दिया गया है।
37 टीजीएसपी कर्मियों को पहले ही किया जा चुका है निलंबित
पुलिस के अनुसार, टीजीएसपी के कुछ कर्मियों के अलावा, उनके परिवार के सदस्य भी प्रदर्शन में शामिल हुए और समान नीतियों और बेहतर काम करने की स्थिति की मांग को लेकर धरना दिया। तेलंगाना पुलिस ने पहले 37 टीजीएसपी कर्मियों को अवैध आचरण और आंदोलन को उकसाने के आरोप में निलंबित किया था।
विरोध प्रदर्शन में भाग लेने वाले 21 टीजीएसपी कर्मियों पर केस दर्ज
एक अलग पुलिस बयान में कहा गया है कि 21 टीजीएसपी कर्मियों के खिलाफ मामले दर्ज किए गए हैं, जिन्होंने सोमवार को अनधिकृत विरोध प्रदर्शन में भाग लिया था, जो हैदराबाद पुलिस द्वारा जारी किए गए धारा 163 बीएनएसएस आदेशों का सीधा उल्लंघन था। आदेशों में संभावित गड़बड़ी को रोकने के लिए शहर की सीमा के भीतर सभाओं, रैलियों और सार्वजनिक प्रदर्शनों पर रोक लगा दी गई है और 21 कर्मियो को गिरफ्तार कर लिया गया है।
टीजीएसपी कर्मियों को विरोध प्रदर्शनों से दूर रहने के दिए आदेश
पुलिस बयान में कहा गया है कि आदेशों का उल्लंघन करने के मामले में 21 कर्मियों को संविधान के अनुच्छेद 311(2)(बी) के तहत कारण बताओ नोटिस जारी किए जा रहे हैं। सूत्रों के मुताबिक, सचिवालय में तैनात टीजीएसपी कर्मियों को आदेश दिया गया है कि वह ऐसे किसी भी विरोध प्रदर्शन में शामिल न हों, जो बल के अनुशासन को नुकसान पहुंचाता हो।