तेलंगाना के मंत्री केटी रामाराव ने सोमवार को कहा कि देश में इस समय एक भी ऐसी राजनीतिक पार्टी नहीं है जो खुद को राष्ट्रीय दल कह सकती हो। उन्होंने कहा कि अगर आप भाजपा को देखें तो दक्षिण भारत में केवल एक राज्य में ही इसकी सरकार है। अगर आप कांग्रेस को एक राष्ट्रीय पार्टी मानते हैं तो हम उत्तर प्रदेश और अन्य राज्यों में इसकी स्थिति से वाकिफ हैं।
रामाराव ने कहा, 'मुझे लगता है कि भारत में कोई राष्ट्रीय राजनीतिक दल नहीं है। भाजपा एक उत्तर भारतीय पार्टी है, कांग्रेस कुछ राज्यों तक सीमित है। मैं समझता हूं कि हर राजनीतिक दल को लोगों के सामने अपने एजेंडा रखने चाहिए। जनता इस बात का फैसला करेगी कि कौन सी पार्टी बड़ी है और कौन सी छोटी।'
आईपीएसी और टीआरएस के समझौते पर कही ये बात
उधर, तेलंगाना में सत्ताधारी टीआरएस (तेलंगाना राष्ट्र समिति) का राजनीतिक सलाहकार इंडियन पॉलिटिकल एक्शन कमेटी (आईपीएसी) के साथ हुए समझौते को लेकर भी रामाराव ने बात की। आईपीएसी की कमान पहले प्रशांत किशोर संभालते थे। रामाराव ने कहा कि मैं प्रशांत किशोर से पहली बार नहीं मिला हीं। पिछले पांच साल में हम कई बार मिल चुके हैं।
रामाराव ने कहा, 'यह बात आप कह रहे हैं कि प्रशांत किशोर कांग्रेस में शामिल हो रहे हैं, मगर उन्होंने खुद ऐसा कुछ नहीं कहा है। भारत में हर राजनीतिक पार्टी किसी न किसी रणनीतिकार के साथ काम कर रही है।' उन्होंने कहा कि हम भी ऐसा कर रहे हैं क्योंकि हमारी पार्टी 21वां स्थापना दिवस मना रही है। हम इस पर काम कर रहे हैं कि नई पीढ़ी तक कैसे पहुंचा जाए।
उन्होंने कहा कि कभी-कभी लगातार दो कार्यकाल सत्ता में रहने के लिए एक बाहरी व्यक्ति की राय आवश्यक होती है।