तेलंगाना से बड़ी खबर सामने आ रही है। यहां हैदराबाद के महबूबपेट इलाके के मक्था में एक ही परिवार के पांच सदस्य अपने घर पर मृत पाए गए। मियापुर पुलिस स्टेशन के इंस्पेक्टर ने बताया, 'हमें सूचना मिली है कि महबूबपेट इलाके के मक्था स्थित एक ही परिवार के पांच सदस्य अपने घर पर मृत पाए गए हैं। मृतकों में एक व्यक्ति, उसकी पत्नी, उनकी बेटी, दामाद और पोती शामिल हैं। हमने मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल मामले की जांच कर रहे हैं।'
मामले में आत्महत्या का संदेह
पुलिस ने बताया कि पड़ोसी राज्य कर्नाटक के कलबुर्गी जिले के एक परिवार के पांच सदस्य गुरुवार को अपने घर पर मृत पाए गए। पुलिस ने मामले में आत्महत्या का संदेह जताया है। मृतकों में एक 60 वर्षीय व्यक्ति, उसकी 55 वर्षीय पत्नी, दामाद, बेटी और दो साल की पोती शामिल हैं। पड़ोसियों ने गुरुवार सुबह पुलिस को घटना की सूचना दी और मियापुर थाने की एक टीम मौके पर पहुंची।
जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि संदेह है कि उन्होंने कोई जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या कर ली। प्रारंभिक जांच के आधार पर अधिकारी ने कहा कि ऐसा लगता है कि व्यक्ति ने कर्ज लिया था और आर्थिक तंगी का सामना कर रहा था। परिवार 2019 में हैदराबाद आ गया था और पिछले दो साल से मक्था इलाके में किराए के मकान में रह रहा था। शवों को अस्पताल ले जाया गया है।