तेलंगाना विधानसभा चुनावों में कांग्रेस को बहुमत मिल गया है। भाजपा का प्रदर्शन भी पहले के मुताबित बेहतरीन रहा लेकिन भाजपा के प्रदेश प्रमुख का कहना है कि वे अपने प्रदर्शन की समीक्षा करेंगे, जिससे लोकसभा चुनावों में अच्छे नतीजे प्राप्त हो सकें। बता दें, विधानसभा चुनावों में भाजपा ने आठ सीटें जीती हैं। पिछली बार यह आंकड़ा सिर्फ एक था।
हमने आठ सीटें जीती हैं
तेलंगाना भाजपा प्रदेश प्रमुख जी किशन रेड्डी ने सोमवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस की। इस दौरान उन्होंने कहा कि 2018 में भाजपा ने 119 सीटों पर जीत दर्ज की थी लेकिन इस बार हमने आठ सीटें जीती हैं। प्रदेश में हमारे वोट शेयर में भी इजाफा हुआ है। हमें प्रदेश में 14 प्रतिशत वोट मिला है। रेड्डी ने कहा कि हमने पिछले पांच वर्षों में बीआरएस सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किए लेकिन बावजूद इसके हमें उम्मीद के मुताबिक परिणाम नहीं मिले।
युद्ध स्तर पर प्रयास
रेड्डी ने आगे बताया कि प्रदर्शन की समीक्षा की जाएगी। राष्ट्रीय और राज्य स्तर के नेताओं के साथ चर्चाएं की जाएंगी। समीक्षा के आधार पर हम लोकसभा चुनावों के परिणामों को हासिल करने के लिए युद्ध स्तर पर प्रयास करेंगे। रेड्डी का कहना है कि भाजपा ने राज्य में इतिहास रचा है। कामारेड्डी सीट से भाजपा उम्मीदवार वेंकट रमण रेड्डी ने सिटिंग सीएम केसीआर और कांग्रेस राज्य प्रमुख ए रेवंत रेड्डी को हरा दिया है, जो अब संभवत प्रदेश के सीएम बन सकते हैं। पिछले 75 वर्षों में ऐसी जीत नहीं देखी गई, जिसमें सिटिंग सीएम और भावी सीएम दोनों साथ में हार गए हों।