तेलंगाना के भाजपा विधायक राजा सिंह ने मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी को पत्र लिखकर श्री राम नवमी शोभायात्रा के निर्बाध संचालन का अनुरोध किया। उन्होंने सीएम से कहा कि वे हैदराबाद पुलिस आयुक्त को यात्रा निकालने के लिए अनुमति देने का निर्देश दें। साथ ही उन्होंने सीएम को भी इस यात्रा में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया।
तेलंगाना के भाजपा विधायक राजा सिंह ने मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी से श्री राम नवमी शोभायात्रा के सुचारू संचालन की अपील की है। इस संबंध में उन्होंने मुख्यमंत्री को पत्र लिखा है, जिसमें बताया गया है कि शोभायात्रा 6 अप्रैल को निकाली जाएगी। यह यात्रा धूलपेट के आकाशपुरी हनुमान मंदिर से शुरू होगी और विधायक सिंह के निर्वाचन क्षेत्र गोशामहल के सुल्तानपुर बाजार में एचवीएस पब्लिक स्कूल पर समाप्त होगी। सिंह ने सीएम से आग्रह किया कि वह हैदराबाद पुलिस आयुक्त को बिना किसी अनावश्यक प्रतिबंध के यात्रा निकालने की अनुमति देने का निर्देश दें। इस दौरान उन्होंने सीएम रेड्डी को यात्रा में शामिल होने के लिए भी आमंत्रित किया।
विज्ञापन
राजा सिंह ने सीएम को लिखे पत्र में इस बात पर जोर दिया कि उनके नेतृत्व में 2010 से शांतिपूर्ण तरीके से शोभायात्रा निकाली जाती रही है। इन 15 वर्षों में, हैदराबाद के सौहार्द को बिगाड़ने वाली कोई घटना नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि शोभायात्रा में हर साल, लाखों राम भक्त भक्ति और अनुशासन के साथ भाग लेते हैं।
पुलिस आयुक्त की कार्रवाइयों पर जताई चिंता
अपने पत्र में, भाजपा विधायक ने हैदराबाद पुलिस आयुक्त सीवी आनंद की हाल की कार्रवाइयों पर चिंता व्यक्त की, क्योंकि पुलिस आयुक्त ने एक कार्यक्रम में साउंड सिस्टम पर प्रतिबंध लगा दिया था। ऐसा करने के लिए उन्होंने सुप्रीम कोर्ट के नियमों का हवाला दिया। सिंह ने कहा, 'मुझ पर भी सुप्रीम कोर्ट के नियमों का हवाला देते हुए शोभायात्रा के दौरान साउंड सिस्टम के उपयोग को प्रतिबंधित करने का दबाव डाला जा रहा है।' सिंह ने सवाल उठाया कि यदि ऐसा है, तो पूरे शहर में बिना किसी प्रतिबंध के, साल के 12 महीने, दिन में पांच बार ध्वनि प्रदूषण क्यों सुनाई देता है?
एआईएमआईएम के निर्देशों पर काम कर रही पुलिस
सिंह ने इन नियमों को चुनिंदा तरीके से लागू किए जाने की ओर इशारा किया और एआईएमआईएम की हाल में हुई एक बैठक का हवाला दिया। उन्होंने कहा कि बैठक में लाउडस्पीकर और डीजे पर गाने बजाए गए, लेकिन अधिकारियों ने कोई आपत्ति नहीं की। उन्होंने कहा कि इससे संदेह पैदा होता है कि हैदराबाद पुलिस शोभायात्रा में बाधा डालने के लिए एआईएमआईएम के निर्देशों पर काम कर रही है।
यात्रा निकालने से कोई नहीं रोक सकता: सिंह
राजा सिंह ने यह भी स्पष्ट किया कि उन्हें यात्रा निकालने से कोई नहीं रोक सकता है। उन्होंने अतीत की चुनौतियों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि हर साल पुलिस ने शोभायात्रा के आयोजन को लेकर मेरे खिलाफ मामले दर्ज किए हैं। इस बार भी यात्रा निकाली जाएगी और पहले से कहीं अधिक भव्य होगी। उन्होंने कहा कि कोई भी ताकत लाखों राम भक्तों की भक्ति को नहीं रोक सकती।