तेलंगाना भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व सांसद एपी जितेंद्र रेड्डी ने एक विवादास्पद पोस्ट ट्वीट किया है। दरअसल, उन्होंने एक वीडियो पोस्ट कर लिखा कि तेलांगना भाजपा नेतृत्व को भी इसी तरह के उपचार की जरूरत है। वीडियो में एक शख्स बैल को लात मारते हुए उसे वाहन में चढ़ाता हुआ दिख रहा है। इस ट्वीट की उन्ही की पार्टी यानी भाजपा ने कड़ी निंदा की है। भाजपा का कहना है कि नेताओं को पार्टी की संस्कृति नहीं भूलनी चाहिए।
भाजपा के राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य ने गुरुवार को किए गए पोस्ट में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं अमित शाह और बीएल संतोष सहित भाजपा तेलंगाना और सुनील बंसल को टैग किया है।
रेड्डी ने एक अन्य ट्वीट में अपनी बात का अर्थ समझाने की कोशिश करते हुए कहा कि वीडियो में यह दिखाने का प्रयास किया गया है कि तेलंगाना भाजपा प्रमुख बंदी संजय के नेतृत्व पर सवाल उठाने वालों के साथ किस तरह का व्यवहार किया जाना चाहिए, लेकिन उनकी बात को गलत समझ लिया गया है।
तेलंगाना में पिछले कुछ दिन से भाजपा नेताओं द्वारा कथित तौर पर की गई कुछ टिप्पणियों (जिनमें रेड्डी का ट्वीट भी शामिल है) पर पार्टी ने आपत्ति जताई। भाजपा ने कहा कि इस तरह की अनुशासनहीनता हमारी पार्टी में अस्वीकार्य है।
इसके अलावा मीडिया के एक वर्ग में ऐसी खबरें हैं कि वरिष्ठ नेता एटाला राजेंद्र और कोमाटिरेड्डी राज गोपाल राज्य नेतृत्व से खुश नहीं हैं।
भाजपा की तेलंगाना इकाई के मुख्य प्रवक्ता कृष्णा सागर राव ने अपनी पार्टी के कुछ नेताओं द्वारा किए जा रहे अनुचित व्यवहार की निंदा की। उन्होंने कहा कि ऐसा लगता है कि वे उस पार्टी को भूल रहे हैं, जिसका वे वर्तमान में प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। भाजपा कांग्रेस या बीआरएस (भारत राष्ट्र समिति) नहीं है। भाजपा में पार्टी तथा उसके नेतृत्व की सार्वजनिक आलोचना करने की संस्कृति नहीं है। उन्होंने कहा कि व्यक्तिगत एजेंडा पार्टी के एजेंडा पर हावी नहीं हो सकता। इन नेताओं को पता होना चाहिए कि पार्टी में एक ‘लक्ष्मण रेखा’ है।