BJP leader AP Jithender Reddy joined Congress
- फोटो : ANI
लोकसभा चुनाव की घोषणा से पहले तेलंगाना में भाजपा को झटका देते हुए पूर्व सांसद एपी जितेंद्र रेड्डी अपने बेटे के साथ शुक्रवार को कांग्रेस पार्टी में शामिल हो गए। सीएम रेवंत रेड्डी और कांग्रेस प्रभारी दीपादास मुंशी ने भाजपा नेता का पार्टी में स्वागत किया। कांग्रेस में शामिल होने के बाद सीएम रेवंत रेड्डी ने जितेंद्र रेड्डी को नई दिल्ली में तेलंगाना सरकार का विशेष प्रतिनिधि और खेल मामलों को सलाहकार नियुक्त किया है। सीएम रेवंत रेड्डी के कार्यालय ने यह जानकारी दी।
उड़िया अभिनेता अरिंदम रॉय भाजपा में शामिल
ओडिशा में लोकसभा और विधानसभा चुनाव से ठीक पहले सत्तारूढ़ बीजू जनता दल (बीजेडी) को एक और झटका लगा है। लोकप्रिय उड़िया अभिनेता अरिंदम रॉय शुक्रवार को भाजपा में शामिल हो गए। अभिनेता से नेता बने रॉय ने दावा किया कि बीजेडी ने उन्हें दरकिनार कर दिया था। उन्होंने कई बार मुख्यमंत्री नवीन पटनायक से मिलने की कोशिश की, लेकिन अनुमति नहीं दी गई। उन्होंने कहा, मैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से प्रेरित होकर भाजपा में शामिल हुआ हूं और राज्य में पार्टी को मजबूत करने के लिए कड़ी मेहनत करूंगा।
चुनाव की घोषणा से पहले आंध्र प्रदेश सरकार ने कर्मचारियों का डीए जारी किया
इधर, लोकसभा और आंध्र प्रदेश विधानसभा चुनाव की तारीखों की घोषणा से ऐन पहले राज्य सरकार ने शुक्रवार रात कर्मचारियों का लंबित महंगाई भत्ता (डीए) जारी करने का आदेश दिया। विशेष मुख्य सचिव (वित्त) शमशेर सिंह रावत ने 1 जुलाई, 2019 से 31 दिसंबर, 2021 की अवधि के लिए कर्मचारियों को डीए जारी करने के लिए सरकारी आदेश (जीओ) जारी किया। साथ ही उन्होंने पात्र सरकारी कर्मचारियों को 1 जनवरी 2022 से डीए जारी करने का भी आदेश जारी किया। विशेष मुख्य सचिव ने कहा कि सरकार ने 1 जुलाई, 2022 से डीए को मूल वेतन के 22.75 प्रतिशत से बढ़ाकर 26.39 प्रतिशत कर दिया है। इसी तरह, राज्य सरकार ने 1 जनवरी, 2023 से सरकारी कर्मचारियों को डीए को मूल वेतन के 26.39 प्रतिशत से बढ़ाकर 30.03 प्रतिशत करने के आदेश जारी किया है।