कांग्रेस ने तेलंगाना विधानसभा चुनाव के लिए उम्मीदवारों की चौथी सूची जारी कर दी है। इस सूची में छह उम्मीदवारों के नाम घोषित किए गए हैं।
इससे पहले, कांग्रेस ने 17 नवंबर को 13 प्रत्याशियों की तीसरी सूची, 14 नवंबर को 10 उम्मीदवारों की दूसरी सूची और 12 नवंबर को 65 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की थी।
तेलंगाना में तेलंगाना राष्ट्र समिति (टीआरएस) को हराने के मकसद से कांग्रेस ने तेलुगु देशम पार्टी (तेदेपा), तेलंगाना जन समिति (टीजेएस) और भाकपा के साथ गठबंधन किया है। राज्य की 119 विधानसभा सीटों के लिए सात दिसंबर को मतदान होना है।
चुनाव आयोग की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार 12 से 19 नवंबर के बीच नामांकन स्वीकार किए जाएंगे। दस्तावेजों की जांच के लिए 20 नवंबर की तारीख तय की गई है। नामांकन वापस लेने की आखिरी तारीख 22 नवंबर है।