तेलंगाना विधानसभा चुनाव में मतदान की तारीख नजदीक आते ही नेताओं के बीच जुबानी जंग चरम पर पहुंच चुका है। 7 दिसंबर को होने वाले मतदान से पहले सियासी माहौल गर्मा गया है। यूपी के सीएम योगी के असदुद्दीन ओवैसी पर दिए बयान के बाद बयानों का सिलसिला थमता नहीं दिख रहा। ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन के सांसद असदुद्दीन ओवैसी ने एक बार फिर इसे लेकर सीएम योगी आदित्यनाथ और पीएम नरेंद्र मोदी को निशाने पर लिया है।
ओवैसी ने कहा- सीएम कहते हैं कि वह हमें यहां से भगा देंगे। क्या हमें पीएम के लिए कुछ नहीं कहना चाहिए? क्या पीएम ने खुद को भगवान समझ लिया है। वह लोकतांत्रिक तरीके से चुने गए नेता हैं और उनकी आलोचना करना हमारा संवैधानिक अधिकार है।
बता दें कि तेलंगाना में चुनाव प्रचार के दौरान यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने यह कहकर सियासी माहौल को गर्मा दिया कि भाजपा की सरकार बनने पर ओवैसी को वैसे ही भागना पड़ेगा जिस तरह निजाम भागा था। इसे लेकर असदुद्दीन ओवैसी के छोटे भाई अकबरुद्दीन ओवैसी ने भाजपा और पीएम नरेंद्र मोदी पर पलटवार करते हुए कई आपत्तिजनक बातें कह डालीं।
गौरतलब है कि तेलंगाना में बुधवार यानी 5 दिसंबर को चुनाव प्रचार खत्म होगा। टीआरएस जहां अकेले 107 सीटों पर सत्ता में वापसी के लिए चुनाव लड़ रही है, वहीं कांग्रेस ने वहां ‘प्रजा कुटामी’ (पीपुल्स एलांयस) के नाम से तेलुगू देशम पार्टी (टीडीपी), भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (सीपीआई) और तेलंगाना जन समिति (टीजेएस) के साथ गठबंधन किया है। कांग्रेस के 94 सीटों पर प्रत्याशी हैं। भाजपा अकेले चुनाव मैदान में है।