तेलंगाना: बोरवेल में गिरे तीन साल के बच्चे को निकालने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है।
- फोटो : ANI
तेलंगाना के मेडक में बुधवार को एक तीन साल का बच्चा 17 फुट गहरे बोरवेल में गिर गया। उसके शव को अस्पताल भेजा गया है। स्थानीय पुलिस और एनडीआरएफ की टीम ने घंटों की मशक्कत के बाद बच्चे को बाहर निकाला। घटना जिले के पापन्नापेट मंडल के पोड्चना पल्लीगांव की है।
मेडक के कलेक्टर के धर्मा रेड्डी ने कहा कि यहां तीन बोरवेल को बिना किसी अनुमति के खोदा गया था, इन लोगों पर जरूरी कार्रवाई की जाएगी।
स्थानीय अधिकारियों ने बताया कि यह बोरवेल बुधवार को ही खोदा गया था। यह बोरवेल 120 से 150 फुट गहरा है। एनडीआरएफ की टीम ने बोरवेल में बच्चे को सांस लेने के लिए ऑक्सीजन का इंतजाम किया था। राहत और बचाव कार्य में दिक्कत ना हो इसके लिए रात में रोशनी का भी इंतजाम किया गया था।
स्थानीय अधिकारियों ने जानकारी दी कि संगारेड्डी के गोवर्धन और नवीना का बेटा हर्षवर्धन अपने नानी के घर आया हुआ था। नानी के गांव में परिवार के साथ वह खेतों में घूमने के लिए गया था। इसी दौरान खेलते हुए वह फिसलकर बोरवेल में गिर गया।
बच्चा जब काफी देर तक नहीं दिखाई दिया तो परिवार के लोगों ने उसे ढूंढना शुरू किया। इस बीच किसी ने बोरवेल से बच्चे की आवाज आने की सूचना दी। परिवार वाले मौके पर पहुंचे और स्थानीय पुलिस को घटना की सूचना देकर बुलाया गया।