समस्तीपुर में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए भाजपा के दो नेता समेत लगभग एक दर्जन लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। यह गिरफ्तारी सीसीटीवी फुटेज देखने के बाद की गई है।
जिले के एसपी दीपक रंजन ने बताया है कि कई लोगों की तलाश जारी है। उन्होंने कहा कि गिरफ्तार किए गए दिनेश कुमार झा वर्तमान में भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा के प्रदेश कार्यकारिणी के सदस्य हैं, जबकि दूसरे आरोपी मोहन पटवा फिलहाल भाजपा बुनकर प्रकोष्ठ के प्रदेश कार्यकारिणी के सदस्य हैं। इधर, भाजपा नेताओं की गिरफ्तारी के विरोध में रोसड़ा बाजार बंद किया गया है।
भाजपा-जेडीयू में अनबन
वहीं बिहार में एक बार फिर सियासी भूचाल की आशंका दिखने लगी है। धर्म के नाम पर फैली हिंसा के बाद जदयू और भाजपा के बीच सब कुछ ठीक नहीं है। जदयू जहां भाजपा पर हमलावर है, वहीं भाजपा किसी भी हालात में अपने एजेंडे से पीछे हटने को तैयार नहीं है।
इधर, नीतीश को लेकर राजद और कांग्रेस के स्वर भी बदल रहे हैं। ऐसे में राजनीतिक गलियारे में एक फिर किसी बड़े बदलाव की आहट सुनाई देने लगी है। राजनीतिक बहसों में भी गठबंधन के भविष्य को लेकर कयास लगाया जाने लगा है।