भाजपा के बागी सांसद शत्रुघ्न सिन्हा को इन दिनों सभी पार्टियां पलके बिछाकर बुला रही हैं। इसी कड़ी में अब बिहार के पूर्व स्वास्थ्य मंत्री तेजप्रताप यादव ने भी शत्रुघ्न सिन्हा को अपनी पार्टी में आमंत्रित किया है। उन्होंने कहा कि मैं चाहूंगा कि वह राष्ट्रीय जनता दल में आ जाएं। मेरी समय-समय पर उनसे बात होती रहती है, मैं उनके मुंबई वाले घर भी गया हूं। मैं उन्हें फिर आमंत्रित कर रहा हूं। जनता दरबार में आ जाइए हमारे।
बता दें कि 19 जनवरी को कोलकाता की ब्रिगेड परेड मैदान में पटना साहिब के सांसद शत्रुघ्न सिन्हा की मौजूदगी के बाद से ही भाजपा के भीतर उनका विरोध शुरू हो गया है। रैली में बोलते हुए शत्रुघ्न सिन्हा ने कहा था कि अगर सच कहना बगावत है तो समझो हम भी बागी हैं। मैं सच के साथ, सिद्धांतों के साथ कभी समझौता नहीं कर सकता। इससे पहले शत्रुघ्न सिन्हा ने रांची के रिम्स जाकर लालू यादव से भी मुलाकात की थी।
हालांकि शत्रुघ्न सिन्हा ने कहा कि जिस दिन पार्टी आलाकमान चाहेगा वह पार्टी को अलविदा कह देंगे।