कर्नाटक में एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर ने कथित तौर पर 'यौन स्वास्थ्य से जुड़ी समस्या' के नाम पर एक झोलाछाप डॉक्टर को 48 लाख रुपये दे दिए। यह भी शक है कि उसकी दी गई दवाइयों से इंजीनियर की किडनी को नुकसान पहुंचा है। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।
शिवमोगा के रहने वाले इस इंजीनियर की शिकायत पर शनिवार को ज्ञानभारती थाने में झोलाछाप और एक मेडिकल की दुकान के मालिक के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस के मुताबिक, दोनों अभी फरार हैं और उनकी तलाश की जा रही है।
ये भी पढ़ें:
'बहुविवाह खत्म होगा, चाहे कोई भी समुदाय हो', बोले सीएम हिमंत सरमा; कांग्रेस पर भी साधा निशाना
पुलिस के मुताबिक, शिकायतकर्ता ने शुरुआत में केंगेरी के एक मल्टी-स्पेशियलिटी अस्पताल में अपने यौन संबंधी स्वास्थ्य मुद्दों के लिए परामर्श लिया था और उसे वहां से दवाइयाँ भी दी गई थीं। लेकिन तीन मई को उसने शहर में एक तंबू देखा जिस पर 'यौन समस्याओं का त्वरित इलाज' लिखकर विज्ञापन लगाया गया था।
वह उस तंबू में गया और वहां उसकी मुलाकात विजय गुरुजी नाम के व्यक्ति से हुई। गुरुजी ने उसे आयुर्वेदिक तरीके से समस्या का स्थायी इलाज देने का दावा किया। जांच के बाद गुरुजी ने उसे 'देवराज बूटी' नाम की एक दवा लिखकर दी। उसने बताया कि दवाई हरिद्वार से मंगाई गई है और यशवंतपुर की एक आयुर्वेदिक दुकान में मिलती है।
शिकायतकर्ता ने यह दवा 1.6 लाख रुपये प्रति ग्राम की दर से नकद खरीद ली, क्योंकि डिजिटल भुगतान की सुविधा नहीं थी। इसके बाद झोलाछाप ने उसे 'भावना बूटी तैल' नाम की 15 ग्राम दवा लेने को कहा, जिसकी कीमत 76,000 रुपये प्रति ग्राम थी। फिर उसने 'देवराज रसबूटी' नाम की एक और दवा के चार ग्राम खरीद लिए, जिसकी कीमत 2.6 लाख रुपये प्रति ग्राम थी।
ये भी पढ़ें:
अनुसूचित जाति में क्रीमीलेयर से कॉलेजियम प्रणाली तक पर पूर्व CJI गवई ने क्या कुछ कहा?
कुल मिलाकर शिकायतकर्ता ने दवाइयों पर 48 लाख रुपये खर्च कर दिए। पुलिस के अनुसार उसने 17 लाख रुपये अपनी पत्नी और माता-पिता, 20 लाख रुपये बैंक से ऋण और बाकी पैसे दोस्तों से उधार लिए।
पुलिस ने कहा कि इतना पैसा खर्च करने के बाद भी उसकी हालत में कोई सुधार नहीं हुआ। बाद में मेडिकल जांच में पता चला कि उसकी किडनी को नुकसान हो गया है, जो संभवतः इन दवाइयों की वजह से हुआ। जब उसने गुरुजी से इस बारे में पूछा तो गुरुजी ने उसे दवाइयां बंद न करने की चेतावनी दी और कहा कि दवा बंद करने पर उसकी सेहत और बिगड़ जाएगी।