तिरुपति के अलीपीरी में शुक्रवार को तेलुग देशम पार्टी (टीडीपी) के कार्यकर्ताओं ने भाजपा अध्यक्ष अमित शाह के खिलाफ प्रदर्शन के दौरान उनके काफिले के एक वाहन पर कथित रूप से पत्थर फेंका। वाहन पर पत्थर टकराने के बाद इलाके में तनाव पैदा हो गया। इस घटना के समय शाह तिरूमला पहाड़ियों से रेनीगुंता हवाईअड्डे की तरफ जा रहे थे। इस घटना के बाद भाजपा और टीडीपी कार्यकर्ताओं के बीच झड़प होने की भी सूचना है।
पत्थर काफिले की एक गाड़ी से टकराया, तनाव
टीडीपी कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए मांग की कि केंद्र पुनर्गठन अधिनियम, 2014 में आंध्र प्रदेश को किए गए सभी वादे पूरा करे। इस दौरान 'अमित शाह गो बैक' के नारे भी लगे। साथ ही आंध्र प्रदेश को विशेष राज्य का दर्जा दे। राज्य के उपमुख्यमंत्री एन चीना राजप्पा ने घटना की पुष्टि की है।
उन्होंने बताया कि अज्ञात बदमाशों ने घटना को अंजाम दिया। हालांकि पत्थर शाह की गाड़ी से नहीं टकराया। मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू ने भी इस घटना के लिए कार्यकर्ताओं की आलोचना की है। इससे पहले सुबह शाह ने तिरुमला में वेंकटेश्वर मंदिर में पूजा-अर्चना भी की।