गुजरात में चक्रवात ताउते की वजह से कई लोगों की जान चली गई और तटीय इलाकों में भारी नुकसान हुआ। बिजली के खंभे और पेड़ उखड़ गए। कई घरों और सड़कों को भी नुकसान पहुंचा। हालांकि, शाम होते-होते यह कमजोर पड़ गया था। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने कहा कि ताउते अब कमजोर होकर 'चक्रवाती तूफान' में तब्दील हो गया है और जैसे-जैसे उत्तर की तरफ बढ़ेगा यह 'गहरे दबाव' में बदल जाएगा।
सोमवार को गिर सोमनाथ जिले में उना के पास जमीन से टकराने के बाद चक्रवात तूफान ताउते ने सौराष्ट्र क्षेत्र में जमकर कहर बरपाया। क्षेत्र में तूफान के चलते कम से कम 13 लोगों की मौत हो गई। बेहद तेज चली हवाओं और भारी बारिश से करीब 15,500 घरों को नुकसान पहुंचा है और 40 हजार से ज्यादा पेड़ उखड़ गए हैं।
विज्ञापन
इसके साथ ही 5951 गांवों से बिजली जाने की जानकारी मिली। इनमें 52 कोविड-19 अस्पताल और 13 ऑक्सीजन प्लांट भी शामिल रहे। वहीं, पूरे क्षेत्र से सड़कों को नुकसान पहुंचने की 196 रिपोर्ट मिली हैं। सोमवार से हो रही भारी बारिश की वजह से सौराष्ट्र क्षेत्र की कई नदियां भी उफन रही हैं।
मुख्यमंत्री विजय रूपाणी ने मंगलवार को कहा कि 13 लोगों की हादसों में मौत की जानकारी मिली है। वापी, राजकोट और गरियाधर में एक-एक व्यक्ति की मौत हुई है। उन्होंने कहा, 'सीधे चक्रवात की वजह से नहीं लेकिन 13 एक्सीडेंटल मौतों की जानकारी मिली है।'
विज्ञापन
मुख्यमंत्री ने कहा कि आधिकारिक अनुमान के अनुसार 69,429 बिजली के खंभे क्षतिग्रस्त हुए हैं और 196 सड़कों को नुकसान पहुंचा है। उन्होंने कहा कि कई सड़कों को बंद कर दिया गया है, 42 सड़कों को तत्काल कार्रवाई के साथ परिवहन योग्य कर दिया गया है। रूपाणी ने कहा कि करीब 40 हजार पेड़ उखड़ गए हैं।
बता दें कि रूपाणी चक्रवात ताउते के राज्य की ओर तेजी से बढ़ने के मद्देनजर पिछले 24 घंटे के दौरान राज्य आपात संचालन केंद्र (एसईओसी) में ही रुके रहे। सोमवार सुबह जब चक्रवात गुजरात के तट से टकराया तब रूपाणी स्थिति की निगरानी और प्रशासन के मार्गदर्शन के लिए गांधीनगर में केंद्रीय नियंत्रण कक्ष एसईओसी पहुंचे थे।
सोमवार मध्यरात्रि तक नियंत्रण कक्ष में ही थे और प्रभावित जिलों के जिलाधिकारियों तथा क्षेत्र अधिकारियों के साथ डिजिटल बैठकें और टेलीफोन से बातचीत करते रहे। रूपाणी मंगलवार सुबह फिर एसईओसी पहुंचे और वहां करीब तीन घंटा रुके। इस दौरान उन्होंने मौजूदा स्थिति तथा चक्रवात से हुई क्षति के बारे में जानकारी ली।