अंतर्राष्ट्रीय ट्रांसजेंडर दिवस के अवसर पर रविवार को आयोजित एक समारोह के दौरान टाटा स्टील के वेस्ट बोकारो डिवीजन ने हेवी अर्थ मूविंग मशीनरी ऑपरेटर प्रशिक्षुओं के रूप में 14 ट्रांसजेंडर कर्मचारियों के एक नए बैच को शामिल किया।
कंपनी के बयान में कहा गया कि कंपनी की कुल ट्रांसजेंडर कार्यबल अब 120 है। टाटा स्टील लिंग पहचान, यौन रुझान या किसी अन्य कारक की परवाह किए बिना सभी कर्मचारियों के लिए एक सम्मानजनक और सहायक वातावरण बनाने पर ध्यान केंद्रित करती है।
वेस्ट बोकारो डिवीजन के महाप्रबंधक अनुराग दीक्षित ने कहा, 'हमें विश्वास है कि हमारे नए प्रशिक्षु हमारी टीम में बहुमूल्य योगदान देंगे और हम उन्हें सफल होने के लिए आवश्यक समर्थन और अवसर प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।'
गौरतलब है कि इससे पहले टाटा स्टील ने अलग-अलग लोकेशंस पर भर्तियों के लिए ट्रांसजेंडर उम्मीदवारों से आवेदन मंगाए गए थे। टाटा स्टील प्रबंधन ने रूढ़ीवादी विचारों को पीछे छोड़ते हुए नियुक्ति के क्षेत्र में नया अध्याय लिखने की शुरुआत की। टाटा स्टील का कहना है कि इससे समावेशी माहौल बनाने में मदद मिलेगी। प्रबंधन के मुताबिक टाटा स्टील अलग-अलग इकाइयों में कई पदों पर भर्ती के लिए लिए ट्रांसजेंडर उम्मीदवारों से आवेदन आमंत्रित किए थे।
शैक्षणिक योग्यता के बारे में टाटा स्टील ने क्या बताया?
योग्यता के बारे में टाटा स्टील ने बताया, अंग्रेजी में मैट्रिकुलेशन या औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) से कोर्स करने वाले पात्र उम्मीदवार को योग्य बनाया गया था। इसके अलावा किसी भी विषय में स्नातक या अखिल भारतीय तकनीकी शिक्षा परिषद (एआईसीटीई) या विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) से मान्यता प्राप्त संस्था में इंजीनियरिंग में डिप्लोमा या किसी भी विषय में बीई/बीटेक में डिग्री हासिल करने वाले उम्मीदवार भी टाटा स्टील में भर्ती के लिए योग्यता रखी गई थी।