फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

'नागरिक ठिकानों को निशाना बनाना अस्वीकार्य’: रियाद एयरपोर्ट पर हमलाे की भारत ने की निंदा, हूतियों पर क्या कहा?

Thu, 08 Oct 2026 03:08 PM IST
प्रशांत तिवारी एएनआई, नई दिल्ली

सार

सऊदी अरब के अबहा और रियाद एयरपोर्ट पर हुए हमलों में 3 लोगों की मौत और 36 लोग घायल हुए। भारत ने नागरिक ठिकानों को निशाना बनाने की कड़ी निंदा करते हुए सऊदी अरब के साथ एकजुटता जताई है। जवाब में सऊदी नेतृत्व वाले गठबंधन ने यमन में हूती ठिकानों पर 82 सैन्य निशाने तबाह करने का दावा किया है।
विज्ञापन
सऊदी के एयरपोर्ट पर मिसाइलों की बारिश - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

भारत ने गुरुवार को सऊदी अरब के अबहा इंटरनेशनल एयरपोर्ट और रियाद के किंग खालिद इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर पिछले कुछ दिनों में हुए हमलों की कड़ी निंदा की। इन हमलों में आम नागरिकों की मौत हुई और कई लोग घायल हुए। भारत ने साफ कहा कि नागरिक ढांचे और सुविधाओं को निशाना बनाना 'पूरी तरह अस्वीकार्य' है।

विज्ञापन


भारत ने जताया दुख, सऊदी के साथ खड़े होने का दिया भरोसा
विदेश मंत्रालय ने एक बयान जारी कर कहा कि भारत अबहा और किंग खालिद इंटरनेशनल एयरपोर्ट को निशाना बनाकर किए गए हमलों की निंदा करता है। मंत्रालय के मुताबिक, इन हमलों में नागरिकों की जान गई और कई लोग घायल हुए। विदेश मंत्रालय ने कहा कि आम लोगों के इस्तेमाल वाले बुनियादी ढांचे को निशाना बनाना किसी भी सूरत में स्वीकार नहीं किया जा सकता। भारत ने हमले में जान गंवाने वालों के परिवारों के प्रति गहरी संवेदना जताई और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की। भारत ने यह भी साफ किया कि वह सऊदी अरब की जनता और वहां की सरकार के साथ एकजुटता से खड़ा है।

हमलों के जवाब में सऊदी गठबंधन ने यमन में 82 ठिकाने किए तबाह
इन हमलों के बाद सऊदी नेतृत्व वाले गठबंधन ने यमन में हूती विद्रोहियों के खिलाफ बड़ी सैन्य कार्रवाई की। गठबंधन का दावा है कि उसने हूती मिलिशिया से जुड़े 82 सैन्य ठिकानों को नष्ट कर दिया।
विज्ञापन

गठबंधन सेना के प्रवक्ता मेजर जनरल तुर्की अल-मलिकी ने बुधवार को जारी बयान में कहा कि सऊदी अरब में नागरिक ठिकानों पर हुए हमलों को “बिना सजा” के नहीं छोड़ा जाएगा। उन्होंने कहा कि हाल में रियाद के किंग खालिद इंटरनेशनल एयरपोर्ट और अबहा इंटरनेशनल एयरपोर्ट को निशाना बनाया गया था। इसके जवाब में गठबंधन ने यमन के सादा, अल-हुदैदाह, अल-जौफ और मारिब प्रांतों में व्यापक सैन्य अभियान चलाया।

मिसाइल भंडारण से लेकर कमांड सेंटर तक, कई ठिकाने निशाने पर
गठबंधन के मुताबिक, कार्रवाई में बैलिस्टिक मिसाइलों से जुड़े ठिकानों को निशाना बनाया गया। इनमें सादा में पहाड़ों के भीतर बनाए गए 11 बैलिस्टिक मिसाइल भंडारण ठिकाने भी शामिल थे। इसके अलावा कमांड और कंट्रोल सेंटर, संचार व्यवस्था, मिसाइल और हथियारों के भंडार तथा हूती लड़ाकों के जमावड़े वाले ठिकानों को भी निशाना बनाने का दावा किया गया है। गठबंधन ने यह भी कहा कि सना में एक बैलिस्टिक मिसाइल लॉन्च प्लेटफॉर्म को तबाह कर दिया गया। उसके मुताबिक, इस प्लेटफॉर्म से सऊदी अरब पर तत्काल हमला करने की तैयारी की जा रही थी।

दो दिन में दो एयरपोर्ट पर हमले, 3 लोगों की मौत और 36 घायल
सऊदी अरब की जनरल अथॉरिटी ऑफ सिविल एविएशन के अनुसार, अबहा एयरपोर्ट और किंग खालिद इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर हमले अलग-अलग दिनों में हुए। अबहा एयरपोर्ट को 6 अक्टूबर और रियाद के किंग खालिद एयरपोर्ट को 7 अक्टूबर को निशाना बनाया गया। इन दोनों घटनाओं में कुल तीन लोगों की मौत हुई, जबकि 36 लोग घायल हुए। अबहा एयरपोर्ट पर दो लोगों की जान गई और 28 लोग घायल हुए। वहीं किंग खालिद एयरपोर्ट पर एक व्यक्ति की मौत हुई और आठ लोग घायल हुए। GACA ने बताया कि घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। अधिकारियों ने एयरपोर्ट को हुए नुकसान का आकलन शुरू कर दिया और यह भी जांचा कि वहां की सुविधाएं यात्रियों और कर्मचारियों के लिए सुरक्षित हैं या नहीं।

खाड़ी देशों के संगठन ने बताया ‘खतरनाक बढ़ोतरी’
खाड़ी सहयोग परिषद (GCC) के महासचिव जसीम मोहम्मद अल-बुदैवी ने भी हूती हमलों की निंदा की। उन्होंने इन्हें नागरिकों को निशाना बनाने वाले 'व्यवस्थित अपराध' बताया। उन्होंने कहा कि नागरिक एयरपोर्ट पर हमले और यात्रियों, कर्मचारियों तथा आम लोगों की जान को खतरे में डालना तनाव को बेहद खतरनाक स्तर तक बढ़ाने वाला कदम है। उनके मुताबिक, इस तरह के हमले अंतरराष्ट्रीय कानूनों और नियमों का खुला उल्लंघन हैं।

अमेरिका ने अपने नागरिकों को किया सतर्क
सऊदी अरब में अमेरिकी मिशन ने भी अपने नागरिकों को अतिरिक्त सावधानी बरतने की सलाह दी है। मिशन ने सऊदी अरब के एयरपोर्ट और हवाई क्षेत्र को लेकर हूती खतरों के बीच अमेरिकी नागरिकों से सतर्क रहने को कहा। अमेरिका ने चेतावनी दी कि मौजूदा हालात के कारण उड़ानें रद्द हो सकती हैं, हवाई क्षेत्र बंद किया जा सकता है और यात्रा व्यवस्था प्रभावित हो सकती है।

ये भी पढ़ें: कंगाल पाकिस्तान ने फिर फैलाए हाथ: आईएमएफ देगा ₹11,619 करोड़ का कर्ज; क्या अब संभल जाएगी अर्थव्यवस्था?
विज्ञापन


हूती प्रवक्ता का दावा, सऊदी और उसके सहयोगियों को बनाया निशाना
दूसरी ओर, हूती सैन्य प्रवक्ता याह्या सारी ने दावा किया कि उनके संगठन ने सऊदी अरब और सऊदी समर्थित ठिकानों पर मिसाइल हमले किए हैं। इस पूरे घटनाक्रम के बाद सऊदी अरब और हूती विद्रोहियों के बीच तनाव एक बार फिर बढ़ता नजर आ रहा है। एक तरफ सऊदी नेतृत्व वाला गठबंधन यमन में जवाबी सैन्य कार्रवाई कर रहा है, वहीं दूसरी तरफ हूती समूह सऊदी और उसके सहयोगी ठिकानों को निशाना बनाने का दावा कर रहा है। इस बीच नागरिक एयरपोर्ट और आम लोगों की सुरक्षा को लेकर चिंता और बढ़ गई है।

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें