एआईएडीएमके महासचिव ई.के. पलानीस्वामी ने दावा किया कि तमिलगा वेत्री कझगम की सरकार सहयोगी दलों के समर्थन पर टिकी हुई है और अगर ये दल समर्थन वापस ले लें तो सरकार कभी भी गिर सकती है। उन्होंने ये भी आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय जनता की सेवा के दम पर नहीं, बल्कि अपनी फिल्मी लोकप्रियता के कारण चुनाव जीतकर सत्ता में आए हैं।
चार विधायकों के टीवीके में शामिल होने पर क्या बोले?
सेलम में आयोजित एक जनसभा को संबोधित करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री पलानीस्वामी ने हाल ही में पार्टी छोड़कर टीवीके में शामिल हुए चार पूर्व एआईएडीएमके विधायकों पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि यह हॉर्स ट्रेडिंग का मामला है और ये विधायक बिक गए हैं। उन्होंने कहा कि इन चारों विधायकों की जीत के लिए एआईएडीएमके ने कड़ी मेहनत की थी, लेकिन वे पार्टी और मतदाताओं दोनों के साथ धोखा कर टीवीके में शामिल हो गए। उन्होंने कहा, 'इतिहास आपको माफ नहीं करेगा।'
'विजय की जीत फिल्मी लोकप्रियता की वजह से'
पलानीस्वामी ने एआईएडीएमके सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि विजय की चुनावी जीत उनकी फिल्मी लोकप्रियता का परिणाम है, न कि जनता के लिए किए गए कामों का। टीवीके सरकार पर हमला बोलते हुए उन्होंने कहा, 'आज टीवीके कई दलों के समर्थन से सत्ता में है। एक कुर्सी के चार पैर होते हैं। उनमें से दो पैर टीवीके के हैं, जबकि बाकी दो उधार के हैं। अगर ये उधार के पैर (कांग्रेस, वीसीके, वाम दल और आईयूएमएल) हट गए, तो कुर्सी कभी भी गिर सकती है।'
विजय द्वारा एआईएडीएमके के खत्म हो चुकी पार्टी बताने पर क्या बोले पलानीस्वामी?
विजय द्वारा एआईएडीएमके को खत्म हो चुकी पार्टी बताए जाने पर पलानीस्वामी ने पलटवार करते हुए कहा कि उनकी पार्टी न तो कमजोर हुई है और न ही खत्म हुई है। उन्होंने कहा कि एआईएडीएमके हमेशा जनता के लिए काम करती रही है और उनकी समस्याओं को उठाती रही है। उन्होंने कहा कि 2011 से 2021 तक एआईएडीएमके सरकार ने कई महत्वपूर्ण जनकल्याणकारी योजनाएं लागू की थीं, जिन्हें वर्तमान मुख्यमंत्री को समझना चाहिए।
पलानीस्वामी ने यह भी कहा कि जब डीएमके प्रमुख एम.के. स्टालिन मुख्यमंत्री थे, तब उन्होंने उनकी लगातार 10 चुनावी हार का मजाक उड़ाया था। वहीं, 2026 के विधानसभा चुनाव में उन्होंने एडप्पादी सीट से 98,110 वोटों के रिकॉर्ड अंतर से जीत दर्ज की, जो तमिलनाडु में सबसे बड़ी जीत थी। दूसरी ओर, स्टालिन चेन्नई की कोलाथुर सीट से चुनाव हार गए। एआईएडीएमके संस्थापक एम.जी. रामचंद्रन का हवाला देते हुए पलानीस्वामी ने कहा कि राजनीति में विनम्रता का पालन करना जरूरी है।