पुडुचेरी की उपराज्यपाल का तमिलिसाई सौंदर्यराजन
- फोटो : ANI
तेलंगाना की राज्यपाल तमिलिसाई सौंदर्यराजन ने बृहस्पतिवार को पुडुचेरी के उपराज्यपाल का अतिरिक्त प्रभार संभाल लिया। शपथ के बाद उन्होंने कहा कि वह 'जनता की राज्यपाल' के तौर पर तथा संविधान के अनुरूप कार्य करेंगी।
बता दें दो दिन पहले ख्यात आईपीएस अधिकारी रहीं किरण बेदी को पुडुचेरी की उपराज्यपाल के पद से हटा दिया गया था। सौंदर्यराजन को राज निवास में आयोजित एक सादे समारोह में इस केन्द्र शासित क्षेत्र की पांचवी महिला उप राज्यपाल के तौर पर पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई गई। उन्होंने तमिल भाषा में शपथ ली। मद्रास हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश संजीव बनर्जी ने उन्हें पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।
मेरे व जनता के बीच कोई अवरोध नहीं होगा
शपथ के बाद सौंदर्यराजन ने संवाददाताओं से कहा, ‘मुझे पता है कि राज्यपाल की क्या शक्तियां हैं, उप राज्यपाल, मुख्यमंत्री, निर्वाचित सदस्यों और अधिकारियों की क्या शक्तियां हैं। वह राज्य की जनता की सेवा करने आई हैं। मेरे और जनता के बीच कोई अवरोध नहीं होगा । मैं हर मुद्दे पर ध्यान दूंगी और जनता की सेवा करूंगी।’ गौरतलब है कि मंगलवार को एक अप्रत्याशित घटनाक्रम में बेदी को उपराज्यपाल पद से हटा कर राष्ट्रपति ने तेलंगाला की राज्यपाल सौंदर्यराजन को पुडुचेरी का अतिरिक्त प्रभार सौंप दिया था।
बहुमत खो चुकी है सामी सरकार
सौंदर्यराजन ने ऐसे वक्त में उपराज्यपाल का पद संभाला हैं जब सत्तारूढ़ कांग्रेस के एक और विधायक के मंगलवार को इस्तीफा देने के बाद पुडुचेरी सरकार ने बहुमत खो दिया है। इस बारे में पूछे जाने पर कि विपक्षी दल ने बुधवार को उप राज्यपाल के कार्यालय में अर्जी दे कर मुख्यमंत्री को सदन में बहुमत साबित करने के निर्देश देने की मांग की है, उन्होंने कहा,‘मुझे इस बारे में पता है...।’ उन्होंने कहा , संविधान के प्रावधानों को ध्यान में रखते हुए मैं प्रतिवेदनों पर ध्यान दूंगी...।’ विधानसभा अध्यक्ष वी पी शिवकोलुंदू, मुख्यमंत्री वी नारायणसामी, मंत्री तथा अन्य गणमान्य हस्तियां शपथ ग्रहण समारोह में शामिल हुईं। शपथ लेने के बाद उप राज्यपाल को राजनिवास के बाहर पुडुचेरी पुलिस ने गार्ड ऑफ ऑनर दिया।