तमिलनाडु के होसुर स्थित टाटा इलेक्ट्रॉनिक्स की फैक्टरी में हुए हादसे में तीन कर्मचारियों की मौत हो गई। घटना के बाद फैक्टरी की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं। राज्य सरकार ने मामले को गंभीरता से लेते हुए गहन जांच कराने और मृतकों के परिजनों को हरसंभव मदद मुहैया कराने के निर्देश दिए हैं।
{{#eligible}}
सभी खबरें बिना रुकावट पढ़ने के लिए
अमर उजाला एप डाउनलोड करें
तमिलनाडु के होसुर के पास स्थित टाटा इलेक्ट्रॉनिक्स की फैक्टरी में जहरीली गैस की चपेट में आने से तीन कर्मचारियों की मौत हो गई। सोमवार शाम यह हादसा उस समय हुआ, जब कर्मचारी फैक्टरी में बने अपशिष्ट जल (वेस्टवॉटर) के भंडारण टैंक की सफाई कर रहे थे। सफाई के दौरान जहरीली गैस की चपेट में आने से तीनों की जान चली गई। हादसे के बाद राज्य सरकार ने मामले को गंभीरता से लिया है। राज्य की मंत्री विरुधई मागल कीर्तना ने तीन लोगों की मौत पर गहरा दुख जताया है और प्रभावित परिवारों को हरसंभव मदद देने का निर्देश दिया है।
विज्ञापन
कब और कैसे हुआ हादसा?
यह घटना सोमवार शाम करीब 5:10 बजे की है। पुलिस के अनुसार, तीनों कर्मचारी अपशिष्ट जल भंडारण टैंक की सफाई में लगे हुए थे। इस टैंक को नैनो फिल्टर टैंक के नाम से जाना जाता है। इसमें बीएमबी-3 से निकलने वाला अपशिष्ट जल जमा होता है। पुलिस के मुताबिक, नैनो फिल्टर टैंक की सफाई का काम हर दो महीने में एक बार किया जाता है। यह काम बारी-बारी से कर्मचारियों को सौंपा जाता है। इसी नियमित सफाई प्रक्रिया के दौरान यह हादसा हुआ।
मंत्री ने जिला प्रशासन को दिए मदद के निर्देश
राज्य मंत्री विरुधई मागल कीर्तना ने इस घटना पर दुख जताते हुए कहा कि होसुर स्थित टाटा इलेक्ट्रॉनिक्स की फैक्टरी में तीन लोगों की मौत होने से वह बेहद दुखी हैं। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की और इस मुश्किल समय में उन्हें हिम्मत देने की प्रार्थना की। मंत्री ने बताया कि उन्होंने जिला प्रशासन से बातचीत की है और पीड़ित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। साथ ही, उन्होंने प्रशासन को स्थिति से निपटने के लिए तत्काल और पूरी गंभीरता से जरूरी कदम उठाने को कहा है।
विज्ञापन
हादसे की होगी गहन जांच, दोषियों पर होगी कार्रवाई
मंत्री ने कहा कि प्रत्येक कर्मचारी की सुरक्षा और सम्मान सर्वोपरि होना चाहिए। इस दुखद घटना की पूरी तरह से जांच की जाएगी और जांच के निष्कर्षों के आधार पर उचित कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए सभी जरूरी उपाय सुनिश्चित किए जाने चाहिए।