तमिलनाडु के कुड्डालोर जिले में स्थित नेवेली पावर प्लांट के स्टेज-2 में एक बॉयलर में विस्फोट हुआ है। इस विस्फोट के चलते छह लोगों की मौत हो गई। वहीं, इस घटना में 17 लोग घायल हुए हैं। घायलों को एनएलसी लिग्नाइट अस्पताल ले जाया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है।
हालांकि, अभी तक विस्फोट के कारणों का पता नहीं चल पाया है। बता दें कि, एनएलसी की अपनी दमकल टीमें हैं जो विस्फोट के बाद बचाव अभियान में जुट गई हैं। साथ ही कुड्डालोर जिला प्रशासन का बचाव दल भी मौके पर पहुंच गया है। बता दें कुड्डालोर, राजधानी चेन्नई से 180 किलोमीटर दूर स्थित है। कुड्डालोर के पुलिस अधीक्षक एस श्री अभिनव ने बताया कि नेवेली पावर प्लांट के बॉयलर में हुए विस्फोट में छह लोगों की मौत हुई है और 17 लोग घायल हुए हैं।
प्लांट के अधिकारियों ने बताया कि जिस बॉयलर में विस्फोट हुआ है, वह ऑपरेशन में नहीं था। उन्होंने कहा है कि मामले की जांच की जारी है, ताकि विस्फोट के कारणों का पता लगाया जा सके। बता दें कि, इस कंपनी में 27,000 कर्मचारी कार्य करते हैं।
इससे पहले मई में भी प्लांट के एक बॉयलर में विस्फोट हुआ था। यह हादसा 84 मीटर ऊंचाई वाले बॉयलर में हुआ था। उस दौरान प्लांट के कर्मचारी वहां से 32 मीटर की दूरी पर मौजूद थे। विस्फोट के बाद सीआईएसएफ की फायर विंग ने आग पर काबू पाया था। इस हादसे में आठ मजदूर घायल हुए थे और पांच लोगों की मौत हो गई थी।
इस हादसे के बाद कंपनी ने कहा था कि एनएलसी ने मामले की जांच के लिए छह सदस्यीय समिति का गठन किया है, जिसकी अगुवाई महाप्रबंधक करेंगे। समिति पूरे हादसे की जांच के साथ ही भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोकने के लिए जरूरी कदम उठाएगी।
गृहमंत्री अमित शाह ने जताया दुख
इस बड़ी घटना को लेकर गृहमंत्री अमित शाह ने दुख जताया। गृहमंत्री ने ट्वीट में कहा, 'तमिलनाडु में नेवेली बिजली संयंत्र के बॉयलर में विस्फोट के कारण जानमाल के नुकसान के बारे में जानकर दुखी हूं। इस मामले में तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एडाप्पडी के पलानीस्वामी से बात की और उन्हें हर संभव का आश्वासन दिया है। केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) राहत कार्य के लिए घटनास्थल पर मौजूद है। घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं।'
सीएम ने की अनुग्रह राशि देने की घोषणा
वहीं, सीएम एडाप्पडी के पलानीस्वामी ने नेवेली स्थित लिग्नाइट प्लांट में बॉयलर विस्फोट में जान गंवाने वालों के परिवारों को तीन-तीन लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की। उन्होंने गंभीर रूप से घायल हुए लोगों को 1-1 लाख रुपये और अन्य घायलों को 50-50 हजार रुपये की मदद देने की घाोषणा की है।
एनएलसी इंडिया लिमिटेड ने कहा है कि एनएलसीआईएल के निदेशक (पावर) की अध्यक्षता में वरिष्ठ अधिकारियों के साथ एक आंतरिक जांच समिति के अलावा, दुर्घटना के कारणों की उच्च-स्तरीय जांच का आदेश दिया गया है।