तमिलनाडु में मुख्यमंत्री एमके स्टालिन विधानसभा चुनाव हार गए हैं। कोलाथुर सीट से टीवीके प्रत्याशी वीएस बाबू ने उन्हें मात दी है। निर्वाचन आयोग के आधिकारिक वेबसाइट के मुताबिक छह राउंड की गिनती के बाद से वीएस बाबू सीएम स्टालिन से आगे निकले थे। इसके बाद से वीएस बाबू कभी पिछड़े नहीं और सीएम स्टालिन पर बढ़त बनाएं रखी।
कितने वोटों के अंतर से हारे सीएम स्टालिन?
राज्य के कोलाथुर सीट से चुनाव मैदान में उतरे सीएम एमके स्टालिन को 74 हजार 202 वोट मिले हैं, जबकि टीवीके प्रत्याशी वीएस बाबू (82 हजार 997) ने उनसे 8795 ज्यादा वोट हासिल किया है। वहीं तीसरे नंबर पर एआईएडीएमके के प्रत्याशी पी. संथाना कृष्णन को 18 हजार 430 वोट मिले हैं।
यह भी पढ़ें -
विजय पदार्पण के साथ ही सत्ता के करीब: 8 ग्राम सोना मुफ्त जैसे वादों से द्रविड़ किला फतह, मिलेगा कांटों भरा ताज
वीएस बाबू का राजनीतिक सफर
वीएस बाबू एक अनुभवी राजनेता और पूर्व विधायक हैं। 75 वर्षीय बाबू ने 2006 में डीएमके सदस्य के रूप में पुरावसलकम निर्वाचन क्षेत्र से चुनाव जीता था। वह 2006 से 2011 तक पुरावसलकम के विधायक रहे। उन्होंने एआईएडीएमके उम्मीदवार को 90,000 से अधिक वोटों से हराया था। बाबू 7 फरवरी, 2026 को विजय की टीवीके में शामिल हुए।
डीएमके से वीएस बाबू का अलगाव
वीएस बाबू 2011 तक डीएमके के उत्तर चेन्नई के जिला सचिव थे। 2011 के चुनाव में कोलाथुर निर्वाचन क्षेत्र के प्रभारी होने के बावजूद सीएम स्टालिन की कम जीत के अंतर पर उनसे सवाल किए गए। इसके बाद उन्हें नेतृत्व के पक्ष से हटा दिया गया। वह बाद में पलानीस्वामी के नेतृत्व वाली एआईएडीएमके में शामिल हुए और फिर टीवीके में आ गए। 2026 के हलफनामे के अनुसार, उन्होंने 3.7 करोड़ रुपये की संपत्ति घोषित की थी।
तमिलनाडु में राजनीतिक दलों की स्थिति
चुनाव आयोग की वेबसाइट के अनुसार, रात 10:30 बजे तक टीवीके 107 पर बढ़त बनाए हुए हैं और 102 सीटें जीत चुकी है है। डीएमके 60 सीटों पर और एडप्पादी के. पलानीस्वामी के नेतृत्व वाली एआईएडीएमके 47 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है। राज्य में सत्तारूढ़ डीएमके के लिए यह एक बड़ा झटका है, क्योंकि मुख्यमंत्री और पार्टी प्रमुख एमके स्टालिन हार गए हैं। हालांकि, उनके बेटे और उपमुख्यमंत्री उदयनिधि स्टालिन चेपॉक-तिरुवल्लिकेनी सीट से जीत चुके हैं।
यह भी पढ़ें-
Tamil Nadu Result 2026: अगर TVK को नहीं मिला बहुमत तो कौन आएगा विजय के साथ? तमिलनाडु में गठबंधन की सियासत तेज
तमिलनाडु में विधानसभा चुनाव और मतदान प्रतिशत
राज्य में 23 अप्रैल को विधानसभा चुनाव के लिए वोटिंग हुई थी, एक ही चरण में सभी 234 सीटों पर मतदान हुआ था। चुनाव आयोग के अनुसार, राज्य विधानसभा चुनाव में मतदान प्रतिशत 85.10 फीसदी रहा था। जबकि सबसे ज्यादा करूर जिले में 92.65 फीसदी वोट डाले गए थे।
संबंधित वीडियो