एडप्पादी के. पलानीस्वामी
- फोटो : Amar Ujala
तमिलनाडु की राजनीति में चुनावी सरगर्मी तेज हो गई है। एआईएडीएमके प्रमुख एडप्पादी के पलानीस्वामी ने वेलाचेरी में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए सत्तारूढ़ डीएमके सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने जनता से इसे सत्ता से हटाने की अपील की है। उन्होंने मुख्यमंत्री स्टालिन के नेतृत्व वाली सरकार को फेल मॉडल करार देते हुए आरोप लगाया कि यह सरकार अपने वादे पूरे करने में पूरी तरह नाकाम रही है।
डीएमके के कार्यकाल में जनता रही त्रस्त
चुनावी रैली को संबोधित करते हुए पलानीस्वामी ने कहा कि पिछले पांच वर्षों में डीएमके शासन के दौरान लोगों ने काफी मुश्किलें झेली हैं और अब समय आ गया है कि इस बुरे शासन को हटाया जाए। उन्होंने अपनी पार्टी के शासनकाल का जिक्र करते हुए दावा किया कि एआईएडीएमके सरकार के दौरान कानून-व्यवस्था मजबूत रही और आम लोग सुरक्षित महसूस करते थे। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार गलत काम करने वालों के खिलाफ सख्त और तुरंत कार्रवाई करती थी।
जलभराव और रोजगार को लेकर सीएम को घेरा
वहीं, चेन्नई में हर साल मानसून के दौरान होने वाले जलभराव को लेकर भी उन्होंने मुख्यमंत्री एमके स्टालिन पर निशाना साधा। पलानीस्वामी ने आरोप लगाया कि बारिश के समय चेन्नई डूब जाता है और लोगों को तैरने जैसी स्थिति का सामना करना पड़ता है। रोजगार के मुद्दे पर भी उन्होंने सरकार को घेरा। उनका कहना था कि मुख्यमंत्री स्टालिन ने 5.5 लाख नौकरियां देने का वादा किया था, जिसमें 3.5 लाख सरकारी पद शामिल थे, लेकिन अब तक केवल 94 हजार लोगों को ही नौकरी दी गई है। साथ ही उन्होंने कहा कि 2021 से 2026 के बीच डीएमके सरकार ने खासकर चेन्नई और वेलाचेरी के लिए कोई बड़ा विकास प्रोजेक्ट नहीं लाया।