डीएमके से गठबंधन में IUML ने मांगी 5 सीटें
- फोटो : ANI
Tamil Nadu Election: तमिलनाडु में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। सभी पार्टियां सीट-बंटवारे और उम्मीदवारों के चयन में जुट गई हैं। इसी सिलसिले में इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग (IUML) ने अपनी सहयोगी पार्टी डीएमके के साथ बातचीत शुरू कर दी है। रविवार को हुई बैठक में आईयूएमएल ने गठबंधन के तहत चुनाव लड़ने के लिए पांच सीटों की मांग रखी है।
आईयूएमएल अध्यक्ष केएम कादर मोहिदीन ने डीएमके के प्रतिनिधियों से मुलाकात के बाद यह जानकारी दी। उन्होंने पत्रकारों से कहा, "हमने आईयूएमएल की तरफ से डीएमके के सामने अपनी बात रखी है और चुनाव लड़ने के लिए पांच सीटों की मांग की है।"
डीएमके की सीट-बंटवारा समिति ने भी सहयोगी दलों के साथ चर्चा शुरू कर दी है। इस बैठक में पार्टी के वरिष्ठ नेता टी.आर. बालू, के.एन. नेहरू, ई.वी. वेलु, तिरुचि शिवा, आर.एस. भारती और एम.आर.के. पनीरसेल्वम मौजूद थे। समिति के सदस्यों ने पार्टी मुख्यालय जाने से पहले मुख्यमंत्री से भी इस पर सलाह ली थी।
नाम तमिलर काची ने जारी की उम्मीदवारों की सूची
दूसरी तरफ, नाम तमिलर काची (NTK) ने शनिवार को आगामी तमिलनाडु विधानसभा चुनाव के लिए अपने सभी 234 उम्मीदवारों की पूरी सूची जारी कर दी है। पार्टी के मुख्य संयोजक सीमन ने मंच पर सभी उम्मीदवारों का परिचय कराया। उन्होंने घोषणा की कि वह खुद कराइकुडी विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ेंगे।
पार्टी की सूची में 117 पुरुष और 117 महिला उम्मीदवार शामिल हैं। इस तरह पार्टी ने चुनाव में पुरुषों और महिलाओं को बराबर की हिस्सेदारी दी है। पार्टी नेताओं ने कहा कि यह राजनीति में लैंगिक समानता के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को दिखाता है।
AIADMK के चुनावी वादे
इस बीच, आल इंडिया अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (AIADMK) ने भी 2026 के तमिलनाडु विधानसभा चुनावों के लिए पांच चुनावी वादों की घोषणा की है। गौरतलब है कि तमिलनाडु विधानसभा में कुल 234 सीटें हैं। 2021 के पिछले चुनाव में DMK ने 133 सीटें जीतकर सरकार बनाई थी, जबकि AIADMK को 66 सीटों पर जीत मिली थी।