यात्रा के लिए पार्टी के वरिष्ठ नेताओं से तारीख लेंगे अन्नामलाई
अन्नामलाई ने कहा, यह मेरा काम है कि मैं दिल्ली जाऊं। मुझे जाकर उनकी तारीखें (यात्रा में शामिल होने के लिए पार्टी के वरिष्ठ नेताओं की) भी लेनी हैं। चुनाव बहुत दूर हैं। दिल्ली में हमारे वरिष्ठ नेता बैठे हैं, वह जो भी फैसला करेंगे।
राजग गठबंधन के सवाल पर दी यह प्रतिक्रिया
अन्नाद्रमुक के साथ पार्टी के गठबंधन को लेकर उन्होंने कहा, जब हमारे पास करने के लिए सकारात्मक चीजें हैं तो टिप्पणी करने की कोई आवश्यकता नहीं है। राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) भाजपा के द्वारा ही बनाया गया है। उन्होंने आगे कहा, तमिलनाडु में राजग गठबंधन है। भाजपा देश में राजग गठबंधन का नेतृत्व कर रही है। बेशक, तमिलनाडु में राजग गठबंधन है, इसमें क्या दिक्कत है।
'अन्नाद्रमुक का राजग से अलग होना पार्टी के झटका नहीं'
अन्नामलाई ने कहा कि राजग से अन्नाद्रमुक का बाहर होना अगले साल होने वाले लोकसभा चुनाव में भाजपा की संभावनाओं के लिए कोई झटका नहीं है। नई दिल्ली की अपनी यात्रा से पहले उन्होंने कहा कि वह अपनी 'एन मन, एन मक्कल' पदयात्रा के दौरान लोगों के साथ अपनी लंबी बातचीत के कारण जनता की नब्ज से परिचित हैं।
उन्होंने कहा, 'मैं जमीनी स्तर पर हूं। मुझे 2024 पर पूरा भरोसा है। मैं हर दिन धूप और धूल में नौ घंटे चल रहा हूं। मैं जनता की नब्ज जानता हूं... मैं 60 दिनों से उनके साथ हूं और मैं एक-एक नब्ज देख रहा हूं। मैं नब्ज समझता हूं।'अन्नाद्रमुक द्वारा कुछ दिन पहले उनकी पार्टी से संबंध तोड़ने की ओर इशारा करते हुए उन्होंने कहा कि राजनीति में कुछ घटनाक्रम 'वरदान' के तौर पर सामने आते हैं। उन्होंने कहा कि चुनाव में सात-आठ महीने बचे हैं और भाजपा का इरादा आज पार्टी को मजबूत करने का है।